Delhi Ration Card: दिल्ली सरकार का बड़ा कदम, राशन के बदले सीधे कैश, जानें आपके खाते में कब और कैसे आएंगे पैसे?

Delhi Ration Card: दिल्ली में राशन व्यवस्था बदलने जा रही है। अब लाभार्थियों को डिजिटल करेंसी मिलेगी और आय सीमा बढ़ने से लाखों को फायदा होगा।

Akriti Pandey
Published on: 27 May 2026 10:13 AM IST (Updated on: 27 May 2026 10:14 AM IST)
Delhi Ration Card
X

Delhi Ration Card

Delhi Ration Card: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार ने राशन कार्ड और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर कई बड़े फैसले किए हैं। सरकार ने न सिर्फ 13 साल बाद नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की है, बल्कि राशन कार्ड के लिए सालाना आय सीमा भी बढ़ा दी है। इसके साथ ही अब राशन वितरण के तरीके में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत लाभार्थियों को सीधे डिजिटल करेंसी के रूप में राशि दी जाएगी, जिसका इस्तेमाल केवल राशन खरीदने के लिए किया जा सकेगा।

आय सीमा बढ़ने से लाखों परिवारों को राहत

दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड (Delhi Ration Card System) के लिए पात्रता की अधिकतम सालाना आय सीमा 1.2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दी है। इस फैसले को दिल्ली कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य खाद्य सुरक्षा के दायरे को बढ़ाना और ज्यादा जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ पहुंचाना है। इस बदलाव के बाद अब वे परिवार भी राशन कार्ड बनवा सकेंगे, जिनकी सालाना आय 1.2 लाख रुपये से अधिक लेकिन 2.5 लाख रुपये से कम है। अनुमान है कि इससे लाखों लोगों को राहत मिलेगी, जो अब तक मुफ्त राशन योजना से बाहर थे। मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि सरकार राशन कार्ड की पात्रता शर्तों में बदलाव करने जा रही है। इसके बाद कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई और मंजूरी दी गई।

क्या है नई डिजिटल राशन व्यवस्था? (Delhi Ration Card System)

दिल्ली सरकार अब राशन वितरण में सीबीडीसी (Central Bank Digital Currency) आधारित प्रणाली लागू करने की तैयारी कर रही है। इस व्यवस्था में सरकार राशन की सब्सिडी के बराबर रकम सीधे लाभार्थियों के सीबीडीसी वॉलेट में ट्रांसफर करेगी।

सरल शब्दों में समझें तो अभी लोगों को सरकारी राशन (Delhi Ration Card) की दुकानों से तय मात्रा में मुफ्त या सस्ती दरों पर अनाज मिलता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सरकार उसी राशन की लागत के बराबर डिजिटल राशि लाभार्थी के खाते में भेजेगी। फिर व्यक्ति किसी भी अधिकृत राशन दुकान पर जाकर क्यूआर कोड या डिजिटल भुगतान के जरिए राशन खरीद सकेगा। उदाहरण के तौर पर यदि सरकार किसी परिवार के राशन पर हर महीने 500 रुपये खर्च करती है, तो वही 500 रुपये डिजिटल करेंसी के रूप में लाभार्थी के वॉलेट में भेज दिए जाएंगे।

नई व्यवस्था के क्या होंगे फायदे? (Delhi Ration Card Benefits)

सरकार और अधिकारियों का मानना है कि इस नई प्रणाली से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार या सब्सिडी (Ration Subsidy System) लीकेज पर रोक लगेगी। साथ ही लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी सरकारी राशन दुकान से अनाज खरीदने की आजादी मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार भविष्य में इस सुविधा को कुछ निजी दुकानों तक भी बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा बार-बार बायोमेट्रिक सत्यापन की जरूरत भी कम हो जाएगी और पूरी प्रक्रिया का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे निगरानी और जवाबदेही बेहतर होगी।

चरणबद्ध तरीके से लागू होगी योजना (Free Ration Scheme)

दिल्ली सरकार इस नई प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी। शुरुआत में इसे चुनिंदा राशन दुकानों (Ration Card Income Limit) पर शुरू किया जाएगा और बाद में पूरे शहर में विस्तार किया जाएगा। भविष्य में इसे बैंकिंग सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा, जिसमें निजी बैंकों की भागीदारी हो सकती है। सीबीडीसी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी की जाने वाली डिजिटल मुद्रा है, जिसे भारतीय करेंसी के समान कानूनी मान्यता प्राप्त है। गुजरात, चंडीगढ़, दमन-दीव और दादर नगर हवेली जैसे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसका पायलट प्रोजेक्ट पहले से चल रहा है। अब दिल्ली भी इस आधुनिक डिजिटल राशन मॉडल को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Akriti Pandey

Akriti Pandey

Content Writer Mail ID - akritipandey7897@gmail.com

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story