TRENDING TAGS :
Delhi Satya Niketan हादसे के बाद एक्शन में CM रेखा गुप्ता, AIIMS पहुंचकर घायलों से की मुलाकात
Delhi Satya Niketan Building Collapse: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने AIIMS ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के सख्त आदेश दिए।
Delhi Satya Niketan Building Collapse
Delhi Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं हैं। उन्होंने डॉक्टरों और मेडिकल टीम से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और इलाज के बारे में जानकारी ली। हादसे में घायल लोगों को बचाव अभियान के बाद AIIMS ट्रॉमा सेंटर समेत अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
सत्य निकेतन इलाके में बीते रविवार को एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। यह इमारत छात्रों के लिए पेइंग गेस्ट यानी PG के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी। हादसे के बाद मौके पर पुलिस, दमकल विभाग, NDRF और अन्य बचाव एजेंसियों ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तकरीबन 27 घंटे चले अभियान के बाद मलबे से लोगों को बाहर निकालने का काम पूरा हुआ। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं।
घायलों के इलाज में लापरवाही नहीं होगी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने AIIMS ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के सख्त आदेश दिए।
बता दें, इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने हादसे के बाद मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया था। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
AIIMS की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद कुल 11 लोगों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। इनमें कुछ लोगों को मृत घोषित किया गया, जबकि घायल मरीजों का इलाज जारी रहा। एक मरीज की सर्जरी भी की गई और मामूली चोट वाले एक व्यक्ति को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की जांच के आदेश
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। बिल्डिंग के मालिक के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुरानी इमारत में मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे की असली वजह और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद दिल्ली में PG और छात्र आवासों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सरकार ने ऐसे भवनों के स्ट्रक्चरल ऑडिट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कदम उठाने की बात कही है।


