TRENDING TAGS :
दिल्ली में आग का तांडव! एक ही मकान में 4 लोगों की मौत, 2 झुलसे
Shahdara Fire Accident: दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में भीषण आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग झुलस गए।
House Fire
Shahdara Fire Accident: दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार तड़के एक मकान में लगी भीषण आग ने चार लोगों की जान ले ली। सुबह जब लोग गहरी नींद में थे, उसी दौरान मकान के निचले हिस्से में आग भड़क उठी और देखते ही देखते इसकी लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं। हादसे में छह लोग इसकी चपेट में आ गए। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट को माना जा रहा है।
तड़के 4:13 बजे मिली आग की सूचना
यह घटना शाहदरा के फर्श बाजार थाना क्षेत्र के विश्वास नगर की गली नंबर-11 की है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को रविवार सुबह करीब 4:13 बजे एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इनमें एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल था।
आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह करीब 4:30 बजे एक अतिरिक्त दमकल गाड़ी भी मौके पर भेजी गई। इसके साथ ही एडीओ दीपक हुड्डा और एसटीओ मनोज समेत वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चार लोगों ने तोड़ा दम
आग के दौरान मकान की बीच वाली मंजिल पर छह लोग फंस गए थे। दमकलकर्मियों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने सुबह करीब 5:30 बजे चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए। बताया गया कि दोनों करीब 10 फीसदी तक झुलसे हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने ई-रिक्शा पार्किंग और चार्जिंग पॉइंट को माना जा रहा है। आशंका है कि इसी जगह से आग शुरू हुई और तेजी से फैल गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ मकान ग्राउंड फ्लोर के अलावा बीच वाली मंजिल और तीन अन्य मंजिलों में बना हुआ था। फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पाने की पुष्टि की है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।


