TRENDING TAGS :
CCTV-DNA और पीड़िता के...दिल्ली बस रेप कांड का खुलेगा हर राज! पुलिस को मिला सबूतों अंबार...ऐसे बनेगी आरोपियों की कुंडली
Delhi Bus Minor Rape Row: दिल्ली के कश्मीरी गेट स्लीपर बस गैंगरेप मामले में पुलिस ने CCTV DVR, DNA सैंपल, पीड़िता के कपड़े और बस से मिले फॉरेंसिक सबूत जुटाए हैं। मोबाइल लोकेशन और CCTV से पूरे रूट की टाइमलाइन तैयार की जा रही है।
Delhi Bus Minor Rape Row: राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट थाने की पुलिस ने चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा के साथ हुए खौफनाक सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच को बेहद तेज कर दिया है। इस घिनौने अपराध को अंजाम देने वाले दरिंदों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस की तफ्तीश टीम ने अहम और वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।
पुलिस ने पीड़िता के वारदात के वक्त पहने कपड़े, बस के गंदे सीट कवर और गाड़ी में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है। इन सभी वैज्ञानिक और डिजिटल सबूतों को अदालत में आरोपियों के खिलाफ ठोस ढाल के रूप में पेश किया जाएगा।
DNA सैंपल और बस की सीटों से जुटाए गए सुबूत
जांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटना के दौरान पीड़िता के कपड़ों से रक्त और अन्य जैविक नमूनों को सुरक्षित रूप से एकत्र कर लिया है। अब इन नमूनों का मिलान दोनों आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर के डीएनए से कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने बस की सीटों पर मिले अहम जैविक अंशों को भी साक्ष्य के तौर पर सील कर दिया है। मामले को पूरी तरह पुख्ता बनाने के लिए बस के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया गया है, ताकि अंदर की हर हरकत की सच्चाई सामने आ सके।
मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज से बनेगा 47 किलोमीटर का रास्ता
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों गिरफ्तार आरोपियों के जब्त मोबाइल फोनों की टावर लोकेशन के जरिए उस रात का पूरा रूट मैप तैयार किया जा रहा है। इस रास्ते की पुष्टि के लिए ग्रेटर नोएडा के परी चौक, तिमारपुर बस पार्किंग और कश्मीरी गेट इलाके में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।
जांच टीम को कुछ बेहद महत्वपूर्ण फुटेज भी मिले हैं, जिनमें वह स्लीपर बस हनुमान मंदिर फ्लाईओवर पर चढ़ती हुई साफ दिखाई दे रही है। इन तमाम वीडियो क्लिप्स के जरिए पुलिस नोएडा से कश्मीरी गेट तक के 47 किलोमीटर लंबे सफर की एक-एक मिनट की टाइमलाइन तैयार कर रही है।
जल्द दाखिल होगी चार्जशीट
उत्तरी जिले की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने जानकारी दी कि वारदात के तुरंत बाद पुलिस की एक विशेष टीम नोएडा स्थित बस मालिक के ट्रैवेल्स दफ्तर पहुंची। वहां से आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर के रिकॉर्ड तथा उनकी ड्यूटी से जुड़ी तमाम जानकारियां जुटाई गईं। पुलिस अब पूरी तैयारी में है ताकि तय समयसीमा के भीतर मजबूत चार्जशीट अदालत में पेश की जा सके।
उधर, बस की खिड़कियों पर काले पर्दे लगे होने के मुद्दे पर ट्रैफिक पुलिस ने बयान जारी किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली स्लीपर बसों के खिलाफ जल्द ही एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।


