TRENDING TAGS :
दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम! प्रसिद्ध मंदिर, ढाबा और सैन्य कैंप आतंकियों के निशाने पर, ISI मॉड्यूल से बड़े खुलासे
Delhi terror plot: पाकिस्तान की धरती से भारत के खिलाफ रची जा रही एक और बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है।
Delhi terror plot
Delhi terror plot: पाकिस्तान की धरती से भारत के खिलाफ रची जा रही एक और बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े शहजाद भट्टी मॉड्यूल ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में बड़े आतंकी हमलों की योजना बनाई थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
दिल्ली का एक प्रसिद्ध मंदिर पर था निशाना
जानकारी के अनुसार, आतंकियों के निशाने पर दिल्ली का एक प्रसिद्ध और भीड़भाड़ वाला मंदिर था। जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि मॉड्यूल से जुड़े एक आरोपी ने मंदिर की रेकी की थी और वहां की तस्वीरें व आसपास की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजी थी। आतंकियों की योजना मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाकर गोलीबारी करने की थी, ताकि वहां अफरा-तफरी और दहशत फैल सके।
क्या है आतंकियों का उद्देश्य?
इतना ही नहीं, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक मशहूर ढाबा भी आतंकियों के निशाने पर था। यह ढाबा हर दिन हजारों लोगों की आवाजाही वाला स्थान माना जाता है। जांच में खुलासा हुआ है कि यहां पर हैंड ग्रेनेड हमला करने की योजना बनाई गई थी, जिससे भारी जनहानि हो सकती थी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस हमले के माध्यम से आतंकियों का उद्देश्य आम लोगों में भय का माहौल पैदा करना था।
रेकी करने पर सामने आयी बड़ी जानकारी
जांच के दौरान हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की रेकी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। आरोपियों ने सैन्य कैंप के वीडियो और तस्वीरें बनाकर पाकिस्तान में मौजूद अपने आकाओं को भेजी थीं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थानों और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी।
दरअसल, हाल ही में दिल्ली सहित कई राज्यों में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और अन्य एजेंसियों ने ISI से जुड़े शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई थी।
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
फिलहाल केंद्रीय एजेंसियां और दिल्ली पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं। जांच अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी दिल्ली सहित कई संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों तथा सैन्य ठिकानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।


