दिल्ली के विवेक विहार में तड़के आग का तांडव, 9 की दर्दनाक मौत, कई झुलसे

Vivek Vihar AC Fire: दिल्ली के विवेक विहार में तड़के लगी भीषण आग ने 9 लोगों की जान ले ली। एसी ब्लास्ट की आशंका, कई लोग झुलसे, दमकल की 14 गाड़ियों ने पाया काबू।

Aditya Kumar Verma
Published on: 3 May 2026 8:45 AM IST
Vivek Vihar AC Fire
X

Vivek Vihar AC Fire: राजधानी दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। यहां देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं और लपटों में घिर गई और चीख-पुकार मचने लगी। जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में अबतक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 से 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

14 गाड़ियों ने सम्हाला मोर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायर कंट्रोल रूम को इस आग की सूचना सुबह करीब 3 बजकर 47 मिनट पर मिली। जिसके बाद सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और 14 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। टीमों ने पहुंचते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि हालात काबू में लाने में समय लग गया।

दूसरे फ्लोर से होकर पूरी बिल्डिंग में फैली आग

दमकल विभाग के मुताबिक आग बी-13 बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर लगी थी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। यह चार मंजिला बिल्डिंग थी, जिसमें कुल 8 फ्लैट बने हुए थे। आग लगने के वक्त ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे, जिससे कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके।

करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6 बजकर 25 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।

9 शव बरामद, कई लोग झुलसे

शुरुआती जानकारी के अनुसार अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 4 से 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में कई लोगों की बची जान

वहीं दमकल विभाग और पुलिस की टीमों द्वारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दौरान करीब 14 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग पीछे के फ्लैट में फंसे हो सकते थे, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी के अंदर फंसे होने की पुष्टि नहीं की है।

एसी ब्लास्ट से आग लगने की आशंका

वहीं इस हादसे को लेकर चश्मदीदों ने आशंका जताई है कि आग एसी में ब्लास्ट होने की वजह से लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कूलिंग और सर्च ऑपरेशन जारी

वहीं दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस के मुताबिक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है। साथ ही बिल्डिंग में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और अंदर फंसा न हो।

वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस घटना से सदमे में हैं और प्रशासन अब आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story