'अगले 1000 साल तक गुलाम रहेंगे लोग', Delimitation Bill पर बरसे पूर्व जज बीजी कोलसे पाटिल, योगेंद्र यादव और ध्रुव राठी ने भी जारी किया VIDEO

परिसीमन बिल पर पूर्व जज बीजी कोलसे पाटिल, योगेंद्र यादव और ध्रुव राठी ने सवाल उठाए हैं। 850 लोकसभा सीटों के प्रस्ताव और महिला आरक्षण को लेकर 30 नवंबर के संसद सत्र से पहले सियासी घमासान तेज।

Alakha Singh
Published on: 28 Nov 2026 3:49 PM IST (Updated on: 28 Nov 2026 3:53 PM IST)
अगले 1000 साल तक गुलाम रहेंगे लोग, Delimitation Bill पर बरसे पूर्व जज बीजी कोलसे पाटिल, योगेंद्र यादव और ध्रुव राठी ने भी जारी किया VIDEO
X

Delimitation Bill Controversy: महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की कवायद ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल के खिलाफ अब सिर्फ विपक्षी राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व न्यायाधीश और चर्चित यूट्यूबर भी सवाल उठा रहे हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बीजी कोलसे पाटिल ने बिल का कड़ा विरोध करते हुए इसे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया है। कोलसे पाटिल का आरोप है कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए राजनीतिक सत्ता को लंबे समय तक अपने पक्ष में बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि इस प्रक्रिया को नहीं समझा गया तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उनके बयान में 'अगले एक हजार साल तक गुलाम' रहने की चेतावनी भी चर्चा में है।


योगेंद्र यादव ने बताया बीजेपी का 'प्लान बी'

परिसीमन के विरोध में योगेंद्र यादव ने भी मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने 24 नवंबर को अपने लेख में आरोप लगाया कि बीजेपी परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक बदलना चाहती है। उन्होंने इसे 'गेरिमैंडरिंग' यानी चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय करने की प्रक्रिया से जोड़ा, जिससे किसी खास राजनीतिक दल को फायदा मिल सके।

योगेंद्र यादव ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आशंका जताई कि रायबरेली और वायनाड जैसे विपक्ष के प्रभाव वाले निर्वाचन क्षेत्रों को भी आरक्षित श्रेणी में डाला जा सकता है। उनका कहना है कि महिला आरक्षण को लागू करने की जरूरत पर सवाल नहीं है, लेकिन इसके साथ परिसीमन जोड़ने के पीछे सरकार की मंशा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

ध्रुव राठी का वीडियो भी चर्चा में

प्रस्तावित बिल को लेकर चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी 27 नवंबर को 'Delimitation Bill EXPOSED!' शीर्षक से वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने परिसीमन के राजनीतिक प्रभाव, लोकसभा सीटों के पुनर्गठन और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़े सवाल उठाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हुई है।

मोदी सरकार ने कैबिनेट से पास कराया नया प्रस्ताव, 850 होगी लोकसभा की अधिकतम संख्या

इस बीच केंद्र सरकार ने परिसीमन पर अपना नया दांव चल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 27 नवंबर को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन से जुड़े नए विधेयकों को मंजूरी दे दी गई।

नए प्रस्ताव के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:

- लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है।

- सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी होगी।

- राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक करने का प्रस्ताव है।

- राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक सुरक्षित रखने का प्रावधान है।

- निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर निर्धारित करने का प्रस्ताव है।

- परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार होगा।

सरकार का तर्क है कि सभी राज्यों में समान अनुपात से सीटें बढ़ाने से दक्षिण भारतीय राज्यों का संसद में मौजूदा प्रतिनिधित्व प्रभावित नहीं होगा।

30 नवंबर को संसद में आर-पार की लड़ाई, राहुल गांधी ने भी खोला मोर्चा

परिसीमन बिल पर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। लोकसभा में 30 नवंबर को और राज्यसभा में 2 दिसंबर से विशेष बैठक प्रस्तावित है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी इस विधेयक का विरोध करेगी और इसे रोकने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश करेगी।

28 नवंबर को INDIA गठबंधन के नेताओं ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक कर रणनीति पर चर्चा की। विपक्ष का आरोप है कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन के जरिए राजनीतिक समीकरण बदलना चाहती है।


DMK का सरकार को समर्थन

कांग्रेस के साथी रहे एम के स्टालिन की पार्टी DMK ने भी सरकार का समर्थन करने का ऐलान किया है। शनिवार को सुबह स्टालिन ने X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह पारदर्शी और निष्पक्ष परसीमान की मांग शामिल होने पर वह परसीमन बिल का समर्थन करते हैं। इससे कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है।

चंद्रबाबू नायडू ने किया समर्थन, दक्षिण भारत की राजनीति में भी हलचल

दिलचस्प बात यह है कि परिसीमन पर विपक्षी एकजुटता के बीच एनडीए के सहयोगी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने नए प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने विपक्षी दलों से भी इसका समर्थन करने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रस्तावित व्यवस्था में दक्षिण भारतीय राज्यों की संसद में हिस्सेदारी कम नहीं होगी।

वहीं, डीएमके और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राज्य के प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी चिंताएं बरकरार रखी हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनाना सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

अब सवाल सिर्फ महिला आरक्षण लागू करने का नहीं, बल्कि देश के चुनावी नक्शे, राज्यों के प्रतिनिधित्व और संसद की राजनीतिक ताकत का भी है। 30 नवंबर से शुरू होने वाला विशेष सत्र तय करेगा कि सरकार और विपक्ष इस मुद्दे पर किस हद तक आमने-सामने आते हैं।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story