'विधेयक फिर फेल हुआ तो जाएगी सत्ता!' परिसीमन पर CJP की मोदी सरकार को खुली चेतावनी

Ratna Singh: परिसीमन विधेयक को लेकर CJP ने मोदी सरकार पर सवाल उठाए हैं। रतना सिंह ने कहा कि बिल दोबारा फेल हुआ तो सरकार सत्ता खोएगी। जानिए लोकसभा में विधेयक पास कराने के लिए कितने वोटों की जरूरत है।

Shalni Kumari
Published on: 29 Nov 2026 2:14 PM IST
Delimitation Bill
X

 Ratna Singh CJP Leader

Ratna Singh: परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) को लेकर संसद का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ने लगा है। 30 नवंबर से शुरू हो रहे विशेष संसद सत्र में केंद्र सरकार 131वां संविधान संशोधन विधेयक दोबारा पेश करने की तैयारी में है। इस विधेयक के जरिए लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और देश में नए परिसीमन का रास्ता खोलने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, विपक्ष इस मुद्दे पर मोदी सरकार को घेर रहा है। अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी इस बहस में एंट्री करते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

'विधेयक फिर विफल हुआ तो क्या खोएगी सरकार?'

कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल हेड रतना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मोदी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि अगर परिसीमन विधेयक पारित कराने की कोशिश एक बार फिर नाकाम हो जाती है, तो सरकार को क्या नुकसान होगा? अपने ही सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने लिखा- 'सत्ता खोएगी।'

CJP ने सभी राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि वे आपसी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर परिसीमन विधेयक का विरोध करें और इस मुद्दे पर देशहित में एक मजबूत रुख अपनाएं।

'चुनावी नक्शे में युवाओं की जगह कहां?'

CJP के अभिजीत दीपके ने भी परिसीमन को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि परिसीमन लागू करके बीजेपी भारत के चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करना चाहती है। उन्होंने सवाल किया कि इस नए चुनावी नक्शे में देश के युवाओं की हिस्सेदारी कहां होगी?

दीपके के मुताबिक, फिलहाल भारत की 58 फीसदी आबादी 35 साल से कम उम्र की है। वर्ष 2029 तक यह आंकड़ा बढ़कर करीब 60 फीसदी होने की उम्मीद है। ऐसे में परिसीमन की प्रक्रिया में युवाओं के प्रतिनिधित्व और उनकी हिस्सेदारी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

पहले प्रयास में बहुमत नहीं जुटा पाई थी सरकार

परिसीमन विधेयक को पारित कराने की सरकार की पहली कोशिश 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में नाकाम हो गई थी। उस दिन हुई वोटिंग में NDA के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने विधेयक के विरोध में मतदान किया था। कुल 528 सदस्यों ने वोटिंग में हिस्सा लिया था। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 352 वोटों की जरूरत थी। इस तरह सरकार जरूरी आंकड़े से 54 वोट पीछे रह गई थी।

इस बार कितने वोटों की जरूरत?

संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होती है। नवंबर 2026 तक लोकसभा में 540 सदस्य हैं, जबकि तीन सीटें खाली बताई गई हैं। यदि सभी 540 सदस्य मतदान करते हैं, तो विधेयक को पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी।

इस बीच NDA की संख्या में बढ़ोतरी का दावा किया जा रहा है। गठबंधन के सांसदों की संख्या 293 से बढ़कर 320 बताई जा रही है। इसमें तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (UBT) के नौ में से छह सांसदों के समर्थन को इसकी वजह बताया गया है। ऐसे में विशेष सत्र में सरकार के सामने एक बार फिर इस विधेयक को पारित कराने की चुनौती होगी।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story