‘तुम्हारे वाले तीन जगह से टेढ़े हैं...’, भगवान कृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री के बयान से मचा बवाल! VIDEO

Dhirendra Shastri Controversy: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भगवान कृष्ण को लेकर दिया बयान विवादों में है। वीडियो वायरल होने के बाद दामोदर यादव ने सनातनियों और यादव समाज से उनकी कथाओं के बहिष्कार की अपील की।

Aditya Kumar Verma
Published on: 1 Nov 2026 6:55 PM IST (Updated on: 1 Nov 2026 6:57 PM IST)
Dhirendra Krishna Shastri Krishna Remark Sparks Controversy
X

Image Source- Social Media

Dhirendra Shastri Controversy: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भगवान श्री कृष्ण (Lord Krishna) को लेकर दिया गया एक बयान इन दिनों चर्चा में है। कथा सुनाने के दौरान उन्होंने भगवान राम की तुलना भगवान कृष्ण से करते हुए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, उसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों की ओर से उनके बयान का विरोध किया जा रहा है।

इसी मामले को लेकर दामोदर यादव (Damodar Yadav) ने भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ बयान दिया है। उन्होंने सनातनियों और यादव समाज (Yadav Community) के लोगों से धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं के बहिष्कार की अपील की है। साथ ही उन्होंने पूरे प्रदेश में पुतले जलाने की अपील भी की है।

‘तुम्हारे वाले तीन जगह से टेढ़े हैं...’

करैरा में कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भगवान कृष्ण का जिक्र कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करते हुए कहा कि उनके अनुसार भगवान कृष्ण की तस्वीरों में उनका खड़ा होने का अंदाज तीन जगह से टेढ़ा दिखाई देता है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “तुम अपने वाले ठाकुर जी की एक भी फोटो देख लो, खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े।”

इसके बाद वह जोर-जोर से हंसते हुए भगवान कृष्ण के खड़े होने की मुद्रा की नकल करते दिखाई दिए। उन्होंने कहा, “पांव के ऊपर पांव, कमर लचकाए, खपड़िया ऐसी करे...” इस दौरान उन्होंने अपनी गर्दन को भी तिरछा करके भगवान कृष्ण की मुद्रा की नकल की और कहा कि वह टेढ़ी खपड़िया करके बंशी बजा रहे होते हैं।

इसके बाद उन्होंने भगवान राम के सीधे होने की बात कहते हुए कहा कि उनके वाले खड़े भी होते हैं तो सीधे। उन्होंने भगवान राम के नाम, चलने और दिखने को भी सीधा बताया।

‘हमारे वाले का नाम भी सीधा’

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने बयान में आगे कहा, “हमाए वाले खड़े भी होते तो सीधे। हमाए वाले का नाम भी सीधा। हमारे वाले का चलना भी सीधा। दिखते भी सीधे।”

इसी तुलना को लेकर अब सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। विरोध करने वालों का कहना है कि भगवान कृष्ण की विशिष्ट मुद्रा और उनके स्वरूप को लेकर इस तरह की टिप्पणी धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है।

बंसी बजाने को लेकर भी कही ये बात

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आगे भगवान राम के धाम अयोध्या (Ayodhya) और भगवान कृष्ण के धाम वृंदावन (Vrindavan) की भी तुलना की। उन्होंने कहा कि उनके वाले का धाम भी सीधा है, अयोध्या, जबकि तुम्हारे वाले का वृंदावन है।

इसके बाद उन्होंने गाना गाते हुए कहा, “बंसी का बजाना खेल भी है, धनुष का चलाना खेल नहीं।” उन्होंने बंसी बजाने वाली बात पर जोर देते हुए कहा कि बंसी तो उनके यहां भी कोई बजाता है। इसी दौरान उन्होंने अपने पास बैठे बंसी बजाने वाले व्यक्ति की तरफ देखते हुए कहा, “बजा भाई बजा।”

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद अब इसे लेकर विवाद बढ़ गया है।

दामोदर यादव ने किया कथाओं के बहिष्कार का आह्वान

विवादित बयान का वीडियो सामने आने के बाद दामोदर यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने सनातनियों और यादव समाज के लोगों से अपील की कि धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं का बहिष्कार किया जाए।

दामोदर यादव ने पूरे प्रदेश में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पुतले जलाने की भी अपील की। उन्होंने अपने बयान में कहा कि जरूरत पड़ने पर धीरेंद्र शास्त्री को खुद भी सुधारने की कोशिश की जाए। उनके इस बयान के बाद मामला और गरमाने की बात कही जा रही है।

‘फ्रस्ट्रेशन में दे रहे हैं उल्टे बयान’

दामोदर यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता यात्रा (Sanatan Ekta Yatra) और उनकी कथाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता यात्रा और कथाएं फ्लॉप हो रही हैं।

यादव ने दावा किया कि इसी वजह से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री फ्रस्ट्रेशन में इस तरह के उल्टे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर धीरेंद्र शास्त्री को मीडिया में चर्चा में रहने का शौक है तो उन्हें कुछ ढंग के काम करने चाहिए।

दामोदर यादव ने चेतावनी भरे अंदाज में यह भी कहा कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें सुधार दिया जाएगा। अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। एक तरफ उनके बयान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ दामोदर यादव की ओर से कथाओं के बहिष्कार और विरोध की अपील ने विवाद को और बढ़ा दिया है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story