संसद में बदल गई विपक्ष की तस्वीर! लोकसभा में कांग्रेस से अलग बैठेंगे ये सांसद; बड़ी वजह आई सामने

DMK MPs Seating Arrangement: DMK के सांसद अब लोकसभा में कांग्रेस से अलग बैठेंगे। लोकसभा सचिवालय ने इसकी मंजूरी दे दी है। जानें क्या है बड़ी वजह।

Sawan Gupta
Published on: 28 Nov 2026 9:00 PM IST
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

DMK MPs Seating Arrangement: लोकसभा में इस बार विपक्षी गठबंधन की तस्वीर बदली-बदली नजर आ सकती है। इसकी वजह यह है कि DMK के सांसद अब कांग्रेस से अलग बैठेंगे। गठबंधन टूटने के बाद डीएमके ने अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की मांग की थी। अब लोकसभा सचिवालय ने डीएमके की मांग स्वीकार करते हुए पार्टी के सांसदों के बैठने की व्यवस्था में बदलाव कर दिया है। संसद के विशेष सत्र से पहले हुए इस फैसले को विपक्षी दलों के बीच बदलते राजनीतिक समीकरणों के तौर पर देखा जा रहा है।

मई में DMK ने की थी अलग बैठने की मांग

डीएमके ने मई 2026 में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया था। पार्टी की सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने पत्र में कहा था कि कांग्रेस के साथ गठबंधन खत्म होने के बाद दोनों दलों के सांसदों का एक साथ बैठना उचित नहीं है। पार्टी ने बदले हुए राजनीतिक हालात का हवाला देते हुए अलग सीटें आवंटित करने की मांग की थी। अब लोकसभा सचिवालय ने इस मांग को मंजूरी दे दी है।

क्यों टूटा DMK और कांग्रेस का गठबंधन?

दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद डीएमके और कांग्रेस के बीच रिश्तों में खटास आ गई थी। लंबे समय तक सहयोगी रहे दोनों दलों के बीच विवाद तब बढ़ा, जब कांग्रेस ने डीएमके से अलग होकर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को सरकार बनाने में समर्थन देने का फैसला किया। कांग्रेस के इस कदम से डीएमके नाराज हो गई थी। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के फैसले को धोखा और पीठ में छुरा घोंपने जैसा बताया था। इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ती चली गई।

इन पार्टियों के सांसदों की भी बदली सीटिंग

लोकसभा में सीटों के बदलाव का असर सिर्फ डीएमके तक सीमित नहीं रहा। समाजवादी पार्टी, एनसीपी (शरदचंद्र पवार), शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस के कुछ सांसदों की बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। इस बदलाव के तहत एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले अब डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी।

परिसीमन बिल के विशेष सत्र से पहले बड़ा बदलाव

लोकसभा में यह बदलाव 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले किया गया है। इस सत्र में केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा होनी है। खास बात यह है कि डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन किया है। इससे INDIA गठबंधन के भीतर राजनीतिक मतभेद और गहरे होने के संकेत मिल रहे हैं।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story