भारत का ये दुश्मन कौन? ओमान की खाड़ी में LNG जहाज पर ड्रोन अटैक, इंजन रूम में लगी आग

Oman Gulf Drone Attack: ओमान की खाड़ी में भारत आ रहे एलएनजीसी अल रेकय्यात जहाज पर ड्रोन हमला हुआ। इंजन रूम में आग लग गई, लेकिन सभी 29 क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। जहाज कतर के रास लाफान से दहेज बंदरगाह की ओर जा रहा था।

Aditya Kumar Verma
Published on: 7 July 2026 10:07 PM IST
Oman Gulf Drone Attack
X

Image Source- Ai

Oman Gulf Drone Attack: ओमान की खाड़ी में भारत की ओर आ रहे एक कमर्शियल जहाज पर बड़ा हमला हुआ है। यह जहाज कतर के रास लाफान (Ras Laffan) से एलएनजी (LNG) लेकर भारत के दहेज बंदरगाह (Dahej Port) की तरफ आ रहा था। इसी दौरान जहाज को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया। हमले के बावजूद जहाज अपनी यात्रा जारी रखते हुए दहेज की ओर बढ़ रहा है।

29 क्रू मेंबर सवार, 4 भारतीय भी शामिल

एलएनजीसी अल रेकय्यात (LNGC AL REKAYYAT) नाम के इस जहाज पर कुल 29 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें 4 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक राहत की बात यह है कि इस हमले में चालक दल का कोई भी सदस्य हताहत नहीं हुआ है और सभी लोग सुरक्षित हैं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार जहाज को कुछ नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है और जहाज अपनी निर्धारित यात्रा पर आगे बढ़ रहा है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के मुताबिक एलएनजीसी अल रेकय्यात 7 जुलाई को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान इस पर ड्रोन से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों का मकसद जहाज को पूरी तरह तबाह करना था।

ड्रोन से जहाज के सबसे संवेदनशील हिस्से इंजन रूम (Engine Room) को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने बेहद सटीक तरीके से स्ट्राइक की, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ और इंजन रूम में भीषण आग लग गई।

धमाके के बाद उठने लगा काले धुएं का गुबार

हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग तेजी से फैल गई और मौके पर काले धुएं का घना गुबार छा गया। समुद्र के बीच हुए इस हमले ने जहाज पर मौजूद क्रू मेंबर्स के लिए मुश्किल हालात पैदा कर दिए।

हालांकि चालक दल की किस्मत अच्छी रही कि इतने बड़े हमले के बावजूद किसी की जान नहीं गई। इसके साथ ही समुद्र में किसी भी तरह के खतरनाक रिसाव की भी सूचना नहीं है, जिससे एक बड़े पर्यावरणीय खतरे को टाल दिया गया।

चालक के साहस से साजिश नाकाम

हमलावरों का मकसद जहाज को बीच समंदर में रोकना या डुबोना था, लेकिन चालक दल के साहस ने उनकी साजिश नाकाम कर दी। ड्रोन हमले से जहाज को नुकसान पहुंचा, फिर भी क्रू ने अदम्य हिम्मत का परिचय देते हुए तत्काल आग पर काबू पा लिया और हालात को संभाल लिया। जहाज न तो रुका और न ही पीछे हटा, बल्कि सभी चुनौतियों का सामना करते हुए भारत के दहेज बंदरगाह की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है। गौरतलब है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि पिछले 24 घंटों के दौरान इसी समुद्री मार्ग पर वाणिज्यिक टैंकरों पर हुआ यह तीसरा बड़ा और सीधा हमला है।

कतर ने की हमले की निंदा

इस घटना के बाद कतर (Qatar) ने हमले की कड़ी निंदा की है। कतर की ओर से साफ तौर पर कहा गया है कि अब बहुत हो चुका है और इस तरह के हमले किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। कतर ने चेतावनी देते हुए कहा है कि समुद्री जहाजों पर इस प्रकार के हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

फिलहाल एलएनजी लेकर भारत आ रहा एलएनजीसी अल रेकय्यात जहाज नुकसान झेलने के बावजूद अपनी यात्रा जारी रखे हुए है और दहेज बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story