TRENDING TAGS :
राउंड-7 में ABVP का दबदबा! अध्यक्ष-सचिव सहित चारों पदों पर बढ़त, जानें किसे कितने मिले वोट
DUSU Election 2026: राउंड-7 के आंकड़ों के मुताबिक चारों प्रमुख पदों पर अलग-अलग उम्मीदवारों ने बढ़त बना रखी है, जिनमें अध्यक्ष और सचिव पद पर ABVP के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
DUSU Election 2026
DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन चुनाव (DUSU Election 2026) को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) में आज शनिवार को मतगणना का सिलसिला जारी है। राउंड-7 की मतगणना पूरी होने के बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद की स्थिति सामने आ गई है। राउंड-7 के आंकड़ों के मुताबिक चारों प्रमुख पदों पर अलग-अलग उम्मीदवारों ने बढ़त बना रखी है, जिनमें अध्यक्ष और सचिव पद पर एबीवीपी (ABVP) के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
अध्यक्ष पद पर यश डबास आगे
अध्यक्ष पद (DUSU President Election) पर ABVP के यश डबास 8,825 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। वहीं एनएसयूआई (NSUI) के विजय मीना को 8,216 वोट मिले हैं। इस तरह राउंड-7 के बाद अध्यक्ष पद पर यश डबास और विजय मीना के बीच मुकाबला बना हुआ है।
उपाध्यक्ष पद (DUSU Vice President Election) पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु 11,347 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। सचिव पद पर ABVP की रिया 7,584 वोटों के साथ आगे चल रही हैं। वहीं, संयुक्त सचिव पद (DUSU Joint Secretary Election) पर एससीएस के विशेष यादव को 6,165 वोट मिले हैं और वह बढ़त पर हैं।
शुरुआती राउंड में भी ABVP उम्मीदवारों ने बनाई थी बढ़त
मतगणना के पहले राउंड में भी ABVP उम्मीदवारों ने कई प्रमुख पदों पर बढ़त बनाई थी। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास को 1,305 वोट मिले थे, जबकि एनएसयूआई के विजय शंकर मीना को 1,191 वोट मिले थे।
उपाध्यक्ष पद पर ABVP के ईशू मौर्य को 865 वोट मिले थे। एनएसयूआई के वीर चतरथ को 242 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन को 1,391 वोट मिले थे।
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी को 909 वोट मिले थे और एनएसयूआई की नम्रता चौधरी को 450 वोट मिले थे। संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह को 938 वोट, एनएसयूआई के गोपाल चौधरी को 698 वोट और विशेष यादव को 996 वोट मिले थे।
52 मतदान केंद्रों पर हुआ था मतदान
डीयू छात्रसंघ चुनाव (Delhi University Student Union Election) के लिए शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई गई थी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस चुनाव में कुल 40.46% मतदान हुआ। नियमित कॉलेजों में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान हुआ, जबकि सांध्य कॉलेजों में दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक वोटिंग हुई।
इस बार केंद्रीय पैनल के चार प्रमुख पदों के लिए कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए 7, उपाध्यक्ष पद के लिए 5, सचिव पद के लिए 4 और संयुक्त सचिव पद के लिए 4 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
पिछले चुनाव में ABVP ने जीते थे तीन पद
पिछले डीयू छात्रसंघ चुनाव (DUSU Previous Election) में एबीवीपी ने चार प्रमुख पदों में से 3 पदों पर जीत हासिल की थी। वहीं एनएसयूआई को उपाध्यक्ष पद मिला था। इस बार भी एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है और मतगणना के दौरान दोनों संगठनों के उम्मीदवारों की स्थिति पर नजर बनी हुई है।
मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा
मतगणना को देखते हुए स्ट्रांग रूम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस के साथ आसपास के जिलों की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को भी तैनात किया गया है। डीसीपी नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट निहारिका भट्ट के अनुसार, लगभग 1,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
मतगणना स्थल पर पैरामिलिट्री बलों की मौजूदगी के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि मतगणना के दौरान किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।
विजय जुलूस पर दिल्ली HC की रोक
डीयू चुनाव (DUSU Election) से जुड़े मामले दिल्ली हाईकोर्ट ने विजय जुलूस निकालने पर रोक लगाई है। इसके अलावा चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा से जुड़े मामले में 140 उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
ऐसे में परिणाम आने के बाद किसी भी उम्मीदवार या उसके समर्थकों को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। फिलहाल राउंड-7 की मतगणना के बाद सामने आए आंकड़ों ने चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है और आगे के राउंड में उम्मीदवारों की स्थिति में परिवर्तन पर नजर बनी हुई है।


