TRENDING TAGS :
Educational Certificate Name Update: शादी या तलाक के बाद बदल गया नाम? शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में ऐसे कराएं सुधार
Educational Certificate Name Update 2026: शादी, तलाक या स्पेलिंग मिस्टेक के बाद सर्टिफिकेट में नाम बदलवाना है? जानें पूरा प्रोसेस और जरूरी दस्तावेज
Educational Certificates Name Update 2026
Educational Certificates Name Update 2026: केवाईसी नियम के लागू होने बाद से अब आपके जरूरी डॉक्युमेंट्स का अपडेट रहना बेहद जरूरी हो गया है। जीवन के लंबे पड़ाव के दौरान कई बार ऐसा होता है कि किन्हीं न किन्हीं कारणों से हमारे नाम में खासतौर से सरनेम में बदलाव आ जाते हैं। ऐसे में आप केवाईसी जैसी कई प्रक्रियाओं में परेशानी में फंस सकते हैं। आज के समय में आधार, पैन, पासपोर्ट और बैंक रिकॉर्ड की तरह शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में सही नाम होना भी बेहद जरूरी हो गया है। नौकरी, सरकारी भर्ती, विदेश में पढ़ाई, वीजा आवेदन या किसी प्रतियोगी परीक्षा के दौरान नाम में मामूली अंतर भी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है। कई लोग शादी, तलाक, स्पेलिंग मिस्टेक या व्यक्तिगत कारणों से अपना नाम बदलते हैं, लेकिन डिग्री और मार्कशीट में पुराना नाम होने के कारण उन्हें बार-बार दस्तावेज़ सत्यापन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जरूरी है कि शैक्षणिक प्रमाणपत्रों पर भी नया नाम अपडेट कराया जाए। हालांकि यह प्रक्रिया थोड़ी लंबी लग सकती है, लेकिन सही जानकारी और जरूरी दस्तावेजों के साथ इसे आसानी से पूरा किया जा सकता है।
नाम बदलवाने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें
अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में नया नाम अपडेट कराने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले जरूरी दस्तावेज एकत्र करना सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इस प्रक्रिया के दौरान आमतौर पर संस्थान पुराने प्रमाणपत्रों की कॉपी, नया सरकारी पहचान पत्र और नाम परिवर्तन से जुड़े कानूनी दस्तावेज मांगते हैं।
यदि शादी के बाद नाम बदला गया है तो मैरिज सर्टिफिकेट जरूरी हो सकता है। तलाक या अन्य कानूनी कारणों से नाम बदला है तो कोर्ट ऑर्डर या गजट नोटिफिकेशन की आवश्यकता पड़ सकती है। वहीं, स्पेलिंग सुधार के मामलों में आधार कार्ड, पैन कार्ड या जन्म प्रमाणपत्र भी मांगा जा सकता है।
इसलिए इन सारे जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार होने पर आवेदन प्रक्रिया तेज होती है और बार-बार संस्थान के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।
इस प्रक्रिया में सबसे पहले अपने शिक्षण संस्थान से करें संपर्क
हर यूनिवर्सिटी, बोर्ड या कॉलेज की प्रक्रिया अलग हो सकती है। इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित संस्थान के प्रशासनिक विभाग, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय या रजिस्ट्रार ऑफिस से संपर्क करना जरूरी है। कई विश्वविद्यालय ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करते हैं, जबकि कुछ संस्थानों में ऑफलाइन फॉर्म जमा करना पड़ता है। कुछ जगहों पर शपथ पत्र (Affidavit) भी अनिवार्य होता है। इसलिए पहले पूरी प्रक्रिया समझ लेना बेहतर रहता है। ताकि बाद में किसी भी तरह की अड़चनों का सामना न करना पड़े। इसी के साथ
संस्थान से यह भी कन्फर्म करना जरूरी होता है कि नाम परिवर्तन केवल डिग्री में होगा या मार्कशीट, माइग्रेशन और प्रोविजनल सर्टिफिकेट में भी अपडेट किया जाएगा।
आवेदन फॉर्म भरते समय बिल्कुल न करें यह गलती
ज्यादातर यह देखा गया है कि शिक्षण संस्थानों में नाम अपडेट करने के लिए एक निर्धारित फॉर्म भरना होता है। इसमें पुराना नाम, नया नाम, रोल नंबर, पासिंग ईयर और अन्य शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होती है। इस बारे में विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि फॉर्म भरते समय सभी स्पेलिंग ध्यान से जांच लें। कई मामलों में आपकी स्पेलिंग की एक छोटी गलती के कारण आवेदन रिजेक्ट हो जाता है और फिर इसे दोबारा करना पड़ता है। जिससे आपको समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। साथ ही आवेदन फॉर्म के साथ मांगे गए सभी दस्तावेज सही क्रम में संलग्न करना भी जरूरी है। अधूरे आवेदन अक्सर रिजेक्ट हो जाते हैं या उनकी प्रक्रिया लंबी हो जाती है। आपका काम जो आसानी से हो सकता था फिर लंबी अवधि के लिए टल जाता है।
नाम अपडेट कराने में लग सकता है शुल्क
शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में नाम बदलने के लिए कई संस्थान प्रोसेसिंग फीस लेते हैं। यह शुल्क बोर्ड और यूनिवर्सिटी के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। कुछ विश्वविद्यालय मामूली प्रशासनिक शुल्क लेते हैं, जबकि डुप्लीकेट डिग्री या नया प्रमाणपत्र जारी कराने पर अतिरिक्त फीस भी देनी पड़ सकती है। इसलिए आवेदन से पहले शुल्क की जानकारी जरूर ले लें।
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा होने पर रसीद सुरक्षित रखना भी जरूरी है। क्योंकि भविष्य में इसकी जरूरत पड़ सकती है।
गजट नोटिफिकेशन क्यों माना जाता है महत्वपूर्ण
कई सरकारी और निजी संस्थान नाम परिवर्तन के लिए राज्य या केंद्र सरकार के गजट में प्रकाशित नोटिफिकेशन को वैध प्रमाण मानते हैं। खासकर तब, जब नाम पूरी तरह बदल दिया गया हो।
गजट नोटिफिकेशन कराने के बाद भविष्य में बैंक, पासपोर्ट, संपत्ति या नौकरी से जुड़े दस्तावेज अपडेट कराने में भी आसानी होती है। इसलिए यदि नाम परिवर्तन स्थायी है, तो यह प्रक्रिया काफी मददगार साबित हो सकती है।
आवेदन के बाद नियमित फॉलो-अप जरूरी
आवेदन जमा करने के बाद अक्सर लोग इंतजार करते रहते हैं, जबकि विशेषज्ञों के अनुसार नियमित फॉलो-अप बेहद जरूरी होता है। कई बार दस्तावेज सत्यापन, हस्ताक्षर या रिकॉर्ड अपडेट होने में समय लग जाता है। ऐसे में संबंधित विभाग से संपर्क बनाए रखने पर आवेदन की स्थिति की जानकारी मिलती रहती है और किसी कमी को समय रहते पूरा किया जा सकता है।
यदि आवेदन ऑनलाइन किया गया है तो आपके समय-समय पर ईमेल और एसएमएस अपडेट भी नियमित रूप से चेक करते रहें।
भविष्य की परेशानियों से बचने के लिए जरूरी कदम
शैक्षिक दस्तावेजों में नाम बदलाव से जुड़ी इस पूरी प्रक्रिया को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि एक बार शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में नाम अपडेट हो जाने के बाद सभी जरूरी दस्तावेजों में समान नाम रखना बेहद जरूरी है। आधार, पैन, बैंक अकाउंट, पासपोर्ट और नौकरी से जुड़े रिकॉर्ड में एक जैसा नाम होने से भविष्य में दस्तावेज सत्यापन के दौरान परेशानी नहीं होती। आज के डिजिटल दौर में दस्तावेजों की क्रॉस-वेरिफिकेशन तेजी से होती है। ऐसे में नाम की छोटी सी गलती भी आवेदन अटकाने का कारण बन सकती है। इसलिए समय रहते अपने शैक्षणिक रिकॉर्ड अपडेट कराना समझदारी भरा कदम माना जाता है।
ताकि आपको डाक्यूमेंट्स के सत्यापन से जुड़ी दिक्कतों का सामना भविष्य में न करना पड़े।


