आरोप चुनाव आयोग पर, जवाब BJP दे रही...पवन खेड़ा का तंज, बोले- डीलर ने खड़े कर दिए हाथ

Election Commission Row: निर्वाचन आयोग विवाद के बीच कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने बीजेपी पर तंज कसा। बोले- आरोप चुनाव आयोग पर हैं, लेकिन जवाब भाजपा दे रही है। राहुल गांधी के आरोपों के बाद सियासी घमासान तेज।

Aditya Kumar Verma
Published on: 24 Sept 2026 10:18 PM IST
Election Commission Row | Pawan Khera Targets BJP | Says Why Is BJP Answering for ECI?
X

Image Source- Social Media

Election Commission Row: निर्वाचन आयोग को लेकर उठे विवाद के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) ज्ञानेश कुमार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। अब कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी इस पूरे विवाद को लेकर बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आरोप निर्वाचन आयोग पर हैं तो जवाब भारतीय जनता पार्टी की ओर से क्यों दिया जा रहा है।

पवन खेड़ा ने कसा BJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तंज

गुरुवार को दिनभर चले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौर के बाद पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “ज्ञानेश गुप्ता की वोट चोरी पर भाजपा कल से दो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुकी है। लेकिन चुनाव आयोग एक बार भी सामने नहीं आया।”

इसके बाद कांग्रेस सांसद ने इसी बात को एक उदाहरण के जरिए समझाते हुए लिखा, “सोचिये मामला कितना संगीन है कि डीलर ने हाथ खड़े कर दिए हैं और क्लाइंट को डायरेक्ट आना पड़ रहा है।”

पवन खेड़ा ने इस टिप्पणी में सांकेतिक तौर पर निर्वाचन आयोग को ‘डीलर’ और भारतीय जनता पार्टी को ‘क्लाइंट’ बताया है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब निर्वाचन आयोग को लेकर विपक्ष और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

ज्ञानेश कुमार पर उठ रहे सवाल

दरअसल, निर्वाचन आयोग को लेकर विवाद उस रिपोर्ट के बाद और बढ़ गया जिसमें आयोग के भीतर सबकुछ ठीक नहीं होने का दावा किया गया था। ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट में कहा गया था कि तीनों चुनाव आयुक्तों के बीच व्यवस्था सही ढंग से काम नहीं कर रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने लिखित तौर पर शिकायत की थी कि आयोग की ओर से लिए जा रहे कुछ फैसले उनकी जानकारी के बिना लिए जा रहे हैं। रिपोर्ट में चुनाव आयोग के कामकाज और फैसले लेने की प्रक्रिया को लेकर दोनों चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का जिक्र किया गया था।

यह जानकारी सार्वजनिक होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग लगातार राजनीतिक निशाने पर हैं।

राहुल गांधी ने भी साधा निशाना

गुरुवार को राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निर्वाचन आयोग और बीजेपी नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश आजादी के बाद पहली बार ऐसी स्थिति में पहुंचा है, जहां वोटर लिस्ट (Voter List) को लेकर ही संशय पैदा हो गया है।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि आने वाले चुनावों में अगर बीजेपी एकतरफा चुनाव जीत भी जाती है तो लोगों को उस नतीजे पर भरोसा नहीं होगा। उनके मुताबिक वोटर लिस्ट को लेकर उठ रहे सवालों ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में संदेह पैदा किया है।

'आज मिले या कल, सजा जरूर मिलेगी'

राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि इस मामले में शामिल सभी लोगों को सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सजा चाहे आज मिले या कल, लेकिन मिलेगी जरूर।

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जांच किए जाने की बात भी कही। इसके अलावा उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी सीधे निशाने पर लिया।

राहुल गांधी ने कहा कि अभी भी वक्त है और ज्ञानेश कुमार सामने आकर इस मामले में गवाह बन सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इस बात के काफी पुख्ता सबूत हैं कि चुनावी प्रक्रिया में कुछ गड़बड़ हुई है।

विवाद के बीच आमने-सामने BJP और कांग्रेस

निर्वाचन आयोग को लेकर उठे सवालों के बीच अब कांग्रेस और बीजेपी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी प्रक्रिया और वोटर लिस्ट को लेकर सवाल उठाए, वहीं बीजेपी की ओर से भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया गया।

इसी को लेकर पवन खेड़ा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि आरोप निर्वाचन आयोग पर हैं, लेकिन जवाब बीजेपी की ओर से क्यों दिया जा रहा है। उनके ‘डीलर’ और ‘क्लाइंट’ वाले तंज ने इस राजनीतिक विवाद को और धार दे दी है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story