Bharat Tiwari Encounter: 'कुत्ता-बिल्ली था मारा गया...', भरत तिवारी एनकाउंटर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री का विवादित बयान

Bharat Tiwari Encounter: पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया।

Newstrack Network
Published on: 28 Jun 2026 2:43 PM IST (Updated on: 28 Jun 2026 2:44 PM IST)
Nagmani Kushwaha on Bharat Tiwari Encounter
X

Nagmani Kushwaha on Bharat Tiwari Encounter

Bharat Tiwari Encounter: बिहार में भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में मौत का मामला लगातार राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बना हुआ है। विपक्ष के साथ-साथ सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया। एक इंटरव्यू के दौरान नागमणि कुशवाहा ने भरत तिवारी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि वह एक अपराधी था और उसकी मौत पर अधिक चर्चा की जरूरत नहीं है। यहीं नही पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने बयान ने भरत तिवारी को ‘कुत्ता-बिल्ली’ भी करार दिया। उनके बयान के वायरल होने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।

बयान पर क्यों मचा बवाल?

एक यूट्यूब चैनल को दिए गए इंटरव्यू में जब नागमणि कुशवाहा से भरत तिवारी की मौत पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि भरत तिवारी जैसे कुत्ता-बिल्ली का नाम लेते हैं, वह अपराधी था और उसके बारे में ज्यादा चर्चा करने की आवश्यकता नहीं है। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इस टिप्पणी को असंवेदनशील बताया, जबकि कुछ लोगों ने उनके बयान का समर्थन भी किया। इसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी।

कौन हैं नागमणि कुशवाहा?

नागमणि कुशवाहा बिहार की राजनीति का एक चर्चित नाम हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और लंबे समय से राज्य की राजनीति में सक्रिय हैं। उनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि वे लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं। उनके पिता जगदेव प्रसाद बिहार के प्रमुख समाजवादी नेताओं में गिने जाते थे। नागमणि कुशवाहा का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ उनका जुड़ाव और अलगाव लगातार चर्चा का विषय रहा है। रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में करीब 14 बार पार्टी बदली है। अगस्त 2025 में उन्होंने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले भी वे दो बार भाजपा का हिस्सा रह चुके हैं। वर्तमान में उन्हें बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के करीबी नेताओं में गिना जाता है।

पुराना बयान भी फिर हुआ वायरल

भरत तिवारी मामले पर विवाद बढ़ने के बाद नागमणि कुशवाहा का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में आ गया है। उस वीडियो में उन्होंने भगवान राम को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर उस समय भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी विवाद हुआ था। उल्लेखनीय है कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच जारी है। इसी बीच नागमणि कुशवाहा के बयान ने इस पूरे प्रकरण को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story