TRENDING TAGS :
लो भई...अचानक धड़ाम सोना-चांदी के दाम, सिल्वर ₹24,000 टूटी, गोल्ड ₹4500 गिरा; देखें लेटेस्ट रेट
Gold Silver Price Today: चांदी और सोने में आई इस तेज गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है, क्योंकि बीते कुछ दिनों से बाजार में मजबूती का माहौल बना हुआ था।
Gold Silver Price Today
Gold Silver Price Today: बीते दो कारोबारी दिनों में जबरदस्त तेजी दिखाने के बाद सोना और चांदी की कीमतों में गुरुवार को अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत के साथ ही दोनों कीमती धातुओं के भाव धड़ाम हो गए। चांदी और सोने में आई इस तेज गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है, क्योंकि बीते कुछ दिनों से बाजार में मजबूती का माहौल बना हुआ था।
सबसे पहले चांदी की बात करें तो गुरुवार को इसमें बड़ी गिरावट देखने को मिली। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली 1 किलोग्राम चांदी का वायदा भाव पिछले कारोबारी दिन 2,68,850 रुपये पर बंद हुआ था। लेकिन गुरुवार को बाजार खुलते ही इसमें जोरदार बिकवाली देखने को मिली और कीमत सीधे गिरकर 2,44,654 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इस तरह चांदी एक ही झटके में 24,196 रुपये सस्ती हो गई।
अगर चांदी के हालिया उच्च स्तर से तुलना करें तो गिरावट और भी चौंकाने वाली नजर आती है। 29 जनवरी को चांदी ने जबरदस्त तेजी दिखाते हुए 4,20,048 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। इसके बाद से ही इसमें गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया था, जो बजट के आसपास कुछ समय के लिए थमा जरूर, लेकिन अब फिर तेज हो गया है। मौजूदा कीमतों को देखें तो चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 1,75,394 रुपये सस्ती हो चुकी है।
सोने का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। गुरुवार को सोने की कीमतों में भी ओपनिंग के साथ ही तेज गिरावट दर्ज की गई। 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का भाव पिछले कारोबारी दिन 1,53,046 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। लेकिन गुरुवार को यह गिरकर 1,48,455 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इस तरह सोना 4,591 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।
सोने ने भी 29 जनवरी को अपना लाइफ टाइम हाई छुआ था, जब कीमत 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी। इसके बाद लगातार गिरावट देखने को मिली थी। अब अगर उस उच्च स्तर से तुलना करें तो फिलहाल सोना करीब 44,641 रुपये सस्ता मिल रहा है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली के चलते कीमती धातुओं में यह तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।


