TRENDING TAGS :
सोने के गहनों में चल रहा मिलावट का नया खेल! हॉलमार्क के बाद भी हो सकती है ठगी, जानें कैसे
Gold Jewellery Adulteration: सोने के गहनों का वजन बढ़ाने के लिए रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं का पाउडर मिलाने की आशंका सामने आई है। जानिए कैसे पहचानें मिलावट और सोना खरीदते समय हॉलमार्क, HUID व बिल की जांच क्यों जरूरी है।
Gold Fraud
Gold Jewellery Adulteration: शादी-ब्याह के सीजन में सोने के गहने खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो सिर्फ उनकी चमक, डिजाइन और वजन देखकर खरीदारी न करें। हो सकता है कि जिस गहने को आप 10 ग्राम का समझकर उसकी पूरी कीमत चुका रहे हों, उसमें असली सोना उससे कम हो। दरअसल, सोने की जूलरी में मिलावट का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसमें भारी धातुओं का पाउडर मिलाकर गहने का वजन बढ़ाया जा सकता है। इससे गहना देखने और तौलने में तो भारी लगता है, लेकिन उसमें सोने की वास्तविक मात्रा कम होती है। बाजार में इस तरह के पाउडर को 'गोल्ड पाउडर' या 'शुगर पाउडर' के नाम से बताया जा रहा है। ऐसे में सोना खरीदने से पहले इसकी शुद्धता और वजन से जुड़ी कुछ जरूरी बातें समझना बेहद अहम है।
भारी धातुओं का पाउडर मिलाकर बढ़ाया जा सकता है वजन
इंडिया बुलियन एंड जूलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, सोने में रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं का पाउडर मिलाने की आशंका सामने आई है। ये धातुएं वजन में काफी भारी होती हैं। ऐसे में इन्हें गहने में शामिल करने से उसका कुल वजन बढ़ जाता है, जबकि उसमें मौजूद असली सोने की मात्रा कम रह सकती है।
इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं। मान लीजिए किसी गहने में 9.5 ग्राम सोना है और उसमें 500 मिलीग्राम भारी धातु का पाउडर मिला दिया जाता है। इस तरह गहने का कुल वजन 10 ग्राम हो जाएगा। ग्राहक जब इसे तौलकर खरीदेगा, तो उसे 10 ग्राम के हिसाब से कीमत चुकानी पड़ सकती है, जबकि गहने में सोना केवल 9.5 ग्राम ही होगा।
बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में इस तरह की मिलावट का पता सामान्य जांच में लगाना मुश्किल हो सकता है और गहने को पिघलाने के बाद ही इसकी वास्तविक स्थिति सामने आती है। यहां तक कि हॉलमार्क और HUID नंबर मौजूद होने के बावजूद ग्राहक को गहने की पूरी शुद्धता को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
सोने की खरीदारी में हॉलमार्क के साथ इन बातों पर भी दें ध्यान
जूलरी खरीदते समय सबसे पहले उस पर BIS हॉलमार्क की मौजूदगी और उसकी जानकारी की जांच करें। इसके साथ ही गहने पर दर्ज छह अंकों वाले HUID नंबर को BIS Care ऐप के जरिए सत्यापित किया जा सकता है। इससे हॉलमार्क से जुड़ी जानकारी की पुष्टि करने में मदद मिलती है।
खरीदारी के दौरान दुकानदार से गहने की कैरेट शुद्धता के बारे में भी स्पष्ट जानकारी लें। 18 कैरेट और 22 कैरेट सोने में शुद्ध सोने की मात्रा अलग-अलग होती है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि आप किस कैरेट की जूलरी खरीद रहे हैं। इस जानकारी को बिल में भी दर्ज कराएं।
गहने का पक्का बिल लेना भी बेहद जरूरी है। बिल में सोने का वजन, उसकी शुद्धता और मेकिंग चार्ज का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। इससे भविष्य में किसी तरह की शिकायत या विवाद होने पर आपके पास खरीदारी का प्रमाण रहेगा। इसके अलावा केवल सस्ते दाम या कम मेकिंग चार्ज के लालच में अनजान दुकानों से खरीदारी करने से बचें। हमेशा भरोसेमंद जूलर से ही गहने खरीदें।
अगर गहने की शुद्धता को लेकर कोई संदेह है, तो उसकी जांच किसी मान्यता प्राप्त जांच केंद्र से कराई जा सकती है। सिर्फ हॉलमार्क देखकर संतुष्ट हो जाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गहने के वजन और बिल में दर्ज विवरण को भी ध्यान से मिलाना चाहिए।
मिलावट से ग्राहकों के साथ ईमानदार कारोबारियों को भी नुकसान
इस तरह की मिलावट का असर सिर्फ ग्राहकों की जेब पर ही नहीं पड़ता, बल्कि ईमानदारी से कारोबार करने वाले जूलर्स की साख भी प्रभावित होती है। बाजार में कम कीमत और कम मेकिंग चार्ज का लालच देकर मिलावटी जूलरी बेचे जाने की आशंका से ग्राहकों का भरोसा कमजोर हो सकता है। इसका नुकसान उन कारोबारियों को भी उठाना पड़ता है, जो शुद्धता और पारदर्शिता के साथ व्यापार करते हैं।
ऐसे में सोने की खरीदारी करते समय जल्दबाजी करने के बजाय हर जरूरी जानकारी की जांच करना बेहतर है। गहने का वजन, कैरेट, हॉलमार्क, HUID नंबर और पक्का बिल जरूर देखें। क्योंकि जूलरी का ज्यादा वजन होना इस बात की गारंटी नहीं है कि उसमें उतनी ही मात्रा में असली सोना भी मौजूद है।


