₹22,000 सस्ता हुआ सोना! अभी खरीदें या और गिरेंगे दाम? एक्सपर्ट्स ने बताया

MCX पर पिछले एक महीने में सोना करीब 22 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ है, जिससे शादी की खरीदारी करने वालों को राहत मिली है।

Sachin Singh
Published on: 26 Nov 2026 10:09 PM IST
₹22,000 सस्ता हुआ सोना! अभी खरीदें या और गिरेंगे दाम? एक्सपर्ट्स ने बताया
X

Gold Price Crash: सोने की कीमतों में पिछले एक महीने के दौरान ऐसी गिरावट आई है कि शादी की तैयारी कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। MCX पर सोना करीब 22 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है। पिछले महीने जहां इसका भाव करीब 1.43 लाख रुपये था, वहीं 25 नवंबर को यह गिरकर 1,17,906 रुपये तक पहुंच गया।

हालांकि, 26 नवंबर को बाजार में कुछ रिकवरी दिखी और सोना करीब 1.22 लाख रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया। इस गिरावट के बाद लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या अभी सोना खरीद लेना चाहिए या कीमतें और नीचे आने का इंतजार करना चाहिए?

सोना सस्ता होने की आखिर क्या है वजह?

सोने की कीमतों में आई इस गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका, महंगाई को लेकर चिंता और डॉलर की मजबूती ने सोने पर दबाव बनाया है। इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और पहले आई तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली भी इसकी कीमतों में गिरावट की वजह बनी। भारतीय रुपये में मजबूती ने भी घरेलू बाजार में सोने को नीचे लाने में भूमिका निभाई है।

यानी सोने की कीमतों में गिरावट सिर्फ घरेलू मांग या बाजार की वजह से नहीं है, बल्कि इसका कनेक्शन अंतरराष्ट्रीय आर्थिक हालात से भी है। यही वजह है कि आने वाले दिनों में भी सोने के भाव में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

1.17 लाख रुपये के आसपास मिल सकता है सपोर्ट

SAHI के हेड ऑफ रिसर्च गौरव अरोड़ा के मुताबिक, सोने की मौजूदा गिरावट शादी के लिए खरीदारी करने वालों को मौका दे सकती है। उन्होंने MCX पर 1,17,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को अहम सपोर्ट बताया है। उनका मानना है कि फिलहाल सोने का भाव 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे जाने की संभावना कम है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बाजार का रुख अभी कमजोर है, इसलिए एक साथ पूरा पैसा लगाने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में खरीदारी करना बेहतर हो सकता है।

SMC ग्लोबल सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च हेड वंदना भारती भी मौजूदा गिरावट को खरीदारी के लिहाज से आकर्षक मानती हैं। उनके मुताबिक, MCX पर 1,17,000 से 1,15,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच सोने को मजबूत सपोर्ट मिल सकता है। इस स्तर से कीमतों में दोबारा तेजी आने की संभावना है।

1.21 लाख से नीचे गया तो और सस्ता हो सकता है सोना

चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे के मुताबिक, MCX पर सोने को 1,21,000 से 1,19,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच सपोर्ट मिल सकता है। अगर कीमत इस दायरे से नीचे फिसलती है, तो सोना 1,17,000 से 1,15,000 रुपये तक जा सकता है। उनका भी मानना है कि निकट भविष्य में सोने का भाव 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे जाने की संभावना कम है।

कावेरी मोरे ने शादी के लिए सोना खरीदने वालों को दो से तीन किस्तों में खरीदारी करने की सलाह दी है। इससे अगर आगे कीमतों में और गिरावट आती है तो खरीदार को कम भाव पर भी खरीदारी का मौका मिल सकता है।

क्या सोना 1.10 लाख रुपये तक गिर सकता है?

जहां कुछ एक्सपर्ट्स मौजूदा भाव को खरीदारी का मौका मान रहे हैं, वहीं इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने आगे और गिरावट की आशंका जताई है। उनके मुताबिक, सोने की कीमतों में अभी और कमजोरी आ सकती है और MCX पर भाव 1.10 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक भी फिसल सकता है। हालांकि, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट, डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी जैसे हालात बनने होंगे।

शादी के लिए सोना खरीदें या अभी इंतजार करें?

एक्सपर्ट्स की राय से साफ है कि सोने की कीमतों में आगे किस दिशा में बदलाव होगा, इसे लेकर पूरी तरह एक जैसी राय नहीं है। कुछ जानकार मौजूदा गिरावट को खरीदारी का मौका मान रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि कीमतें अभी और नीचे जा सकती हैं। लेकिन एक बात पर ज्यादातर एक्सपर्ट्स सहमत हैं कि बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच एक साथ पूरा पैसा लगाना जोखिम भरा हो सकता है।

शादी या अपनी निजी जरूरत के लिए सोना खरीदने की योजना बना रहे लोग खरीदारी को दो या तीन हिस्सों में बांट सकते हैं। इससे एक ही भाव पर पूरा सोना खरीदने की मजबूरी नहीं रहेगी। ध्यान रहे कि एक्सपर्ट्स के बताए सपोर्ट लेवल और अनुमान बाजार की मौजूदा स्थिति पर आधारित हैं, इनकी गारंटी नहीं है। सोने की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर और ब्याज दरों में बदलाव के साथ तेजी से बदल सकती हैं।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story