Google ने लागू किया जून 2026 स्पैम अपडेट, Website का 80% ट्रैफिक हुआ धड़ाम, ठप हुई खबरों की इंडेक्सिंग

Google Spam Update June 2026: गूगल के जून 2026 स्पैम अपडेट के बाद कई वेबसाइटों का ट्रैफिक और गूगल डिस्कवर विजिट्स अचानक गिर गए। जानिए इस अपडेट का असर, इंडेक्सिंग में आई दिक्कतें और SEO के नए नियम क्या हैं।

Harsh Srivastava
Published on: 26 Jun 2026 12:38 PM IST (Updated on: 26 Jun 2026 12:38 PM IST)
Google ने लागू किया जून 2026 स्पैम अपडेट, Website का 80% ट्रैफिक हुआ धड़ाम, ठप हुई खबरों की इंडेक्सिंग
X

Google Spam Update June 2026: इंटरनेट की दुनिया का सबसे बड़ा किंगमेकर 'गूगल' इन दिनों डिजिटल मीडिया और न्यूजरूम्स पर एक के बाद एक तीखे बाउंसर फेंक रहा है. एक दौर था जब 2 या 3 साल के लंबे अंतराल में गूगल का कोई बड़ा अपडेट सामने आता था. लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और यह किसी स्कूल की क्वाटर्ली परीक्षा की तरह हो गया है, जहां हर 2-3 महीने में प्रकाशकों के सिर पर एक नया बम फूट जाता है.

वैसे इस बार का झटका पूरी तरह से अप्रत्याशित नहीं था. मई 2026 का कोर अपडेट खत्म होने के बाद जब डिजिटल पत्रकार राहत की सांस ले रहे थे और सब कुछ सामान्य होता दिख रहा था, तभी पिछले एक हफ्ते से अचानक वेबसाइट्स का ट्रैफिक अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. इसके संकेत पूरी तरह साफ थे और आखिरकार वही हुआ. गूगल ने 24 जून की रात को जून 2026 स्पैम अपडेट आधिकारिक तौर पर पूरी दुनिया में लागू कर दिया.

हर न्यूजरूम में पसरा एक जैसा सन्नाटा

जैसे ही गूगल का यह नया फरमान जारी हुआ, देश भर के तमाम छोटे-बड़े डिजिटल न्यूजरूम में हमेशा की तरह अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया. हर तरफ एक ही जैसे घिसे-पिटे सवाल गूंजने लगे कि क्या वेबसाइट का ट्रैफिक अचानक गिर गया है? क्या गूगल ने फिर से अपने एल्गोरिदम की सेटिंग में कोई बड़ा बदलाव कर दिया है? क्या गूगल डिस्कवर से आने वाला पाठकों का हुजूम अचानक गायब हो गया है? या फिर खबरों की इंडेक्सिंग की रफ्तार सुस्त पड़ गई है? इन सभी उलझनों का सिर्फ एक ही जवाब सामने आ रहा था कि गूगल का नया स्पैम अपडेट आ चुका है. लेकिन इस बार हर पत्रकार और संपादक को खुद से एक बिल्कुल अलग और बेहद गंभीर सवाल पूछने की जरूरत है. क्या गूगल इस बार सिर्फ कचरा कंटेंट को साफ कर रहा है या फिर उसने खबरों की असली कीमत और उसकी मौलिकता को गहराई से पहचानना सीख लिया है?

आधुनिक शिक्षक की तरह जांचने का नया तरीका

इस पूरे बदलाव को समझने के लिए हमें स्कूल की परीक्षा का एक सीधा सा उदाहरण देखना होगा. मान लीजिए कि किसी क्लास में बच्चों का टेस्ट चल रहा है. पुराने जमाने का शिक्षक सिर्फ यह देखता था कि किस छात्र ने परीक्षा हॉल में बैठकर नकल की है. जिसने चोरी की, उसे पकड़कर सजा दे दी और बाकी सबको पास कर दिया. लेकिन अब एक बेहद आधुनिक और चतुर शिक्षक की एंट्री होती है.

वह केवल नकलची बच्चों को नहीं पकड़ता, बल्कि वह गहराई से यह जांचता है कि किस छात्र ने सवाल को सचमुच समझा है, किसने अपने खुद के आसान शब्दों में जवाब तैयार किया है और किसने सिर्फ गाइड या किताब की लाइनों को रटकर पन्नों पर उतार दिया है. ठीक इसी तरह गूगल भी अब अपनी जांच का तरीका बदल चुका है. आज के दौर में एआई (AI) की मदद से किसी भी विषय पर चंद मिनटों में हजारों की तादाद में लेख लिखे जा सकते हैं. अगर आप इंटरनेट पर खोजें कि बरसात के मौसम में क्या खाना चाहिए, तो आपको 10 में से 8 वेबसाइटों पर एक जैसी ही घिसी-पिटी बातें मिलेंगी, जहां सिर्फ शब्द बदले होते हैं पर ज्ञान बिल्कुल वही पुराना होता है.

तुकाराम मुंडे की कार्रवाई और दो रिपोर्टर की कहानी

गूगल के इस नए नजरिए को न्यूजरूम की व्यावहारिक भाषा में बहुत आसानी से समझा जा सकता है. हाल ही में महाराष्ट्र के बेहद कड़क और ईमानदार आईएएस (IAS) अधिकारी तुकाराम मुंडे को राज्य के अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया. पद संभालते ही उन्होंने पूरे सूबे के होटलों, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड और मिलावटी खाना बेचने वालों के खिलाफ एक बहुत बड़ा और सख्त अभियान शुरू कर दिया. इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम देने के बाद उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और अपनी पूरी कामयाबी का ब्योरा मीडिया के सामने रखा. अब आप दो अलग-अलग पत्रकारों की कार्यशैली की कल्पना कीजिए जो उस हॉल में मौजूद थे. पहला रिपोर्टर प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होते ही दफ्तर भागा और जो कुछ कमिश्नर ने मुंह से बोला था, उसे वैसा का वैसा ही टाइप करके खबर लाइव कर दी.

जब असली पनीर की कीमत हुई 200 रुपये किलो

अब बात करते हैं दूसरे खोजी रिपोर्टर की जो प्रेस कॉन्फ्रेंस से बाहर निकला. उसने सरकारी आंकड़ों को सीधे छापने के बजाय जमीन पर जाकर एक स्थानीय डेयरी वाले से बात की. वह एक बड़ी मिठाई की दुकान पर गया और वहां के कारीगरों से मिला. उसने एक फूड सेफ्टी ऑफिसर से पर्दे के पीछे की हकीकत जानी. तब उसे एक बेहद चौंकाने वाली खबर मिली कि प्रशासन द्वारा नकली पनीर के कारखानों पर ताला लगाने के बाद कई बड़े शहरों में असली और शुद्ध पनीर की डिमांड अचानक आसमान छूने लगी है.

बाजार में शुद्ध दूध और पनीर की सप्लाई बेहद कम हो गई है और मांग बढ़ने के कारण इसकी कीमत में अचानक 200 रुपये प्रति किलो की भारी बढ़ोतरी हो चुकी है. अब दोनों ही संवाददारों की खबर एक ही प्रशासनिक कार्रवाई पर आधारित थी, लेकिन दोनों के कंटेंट की असली वैल्यू में जमीन-आसमान का अंतर था. पहली खबर सिर्फ एक सरकारी सूचना थी, जबकि दूसरी खबर यह बता रही थी कि उस सरकारी फैसले का आम जनता की जेब और जिंदगी पर क्या सीधा असर पड़ा है.

जब AI लिखने नहीं सोचने लगता है

इस पूरे विश्लेषण का यह बिल्कुल मतलब नहीं है कि एआई तकनीक पूरी तरह से गलत या बेकार है. AI वास्तव में इंसानों की टाइपिंग स्पीड और काम करने की क्षमता को कई गुना बढ़ाने वाला एक बहुत ही शानदार डिजिटल सहायक है. लेकिन असली मुसीबत तब खड़ी होती है जब पूरा न्यूजरूम खुद सोचना बंद कर देता है और एआई को ही सोचने का जिम्मा सौंप देता है. जब सारे पत्रकार मशीन से एक ही जैसे सवाल पूछने लगते हैं और मशीन भी सबको घुमा-फिराकर एक ही जैसा जवाब देने लगती है, तब इंटरनेट की दुनिया में लाखों नए वेब पेज तो बन जाते हैं, लेकिन पाठकों के लिए कोई भी नई या अनोखी जानकारी पैदा नहीं होती.

सिर्फ मौलिक जानकारी ही दिलाएगी परमानेंट ट्रैफिक

वर्तमान समय में इंटरनेट पर अपनी साख और वजूद की लड़ाई लड़ रही हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की तमाम वेबसाइटों के लिए अब अपनी पुरानी रणनीति को पूरी तरह बदलने का वक्त आ गया है. आने वाले समय में डिजिटल पत्रकारिता के इस कड़े मुकाबले में वही टिक पाएगा जिसके पास मजबूत ग्राउंड रिपोर्टिंग, डेटा, पुख्ता दस्तावेज, व्यक्तिगत अनुभव और स्थानीय इलाकों की गहरी समझ होगी. ये ऐसी अनमोल चीजें हैं जिन्हें कोई भी एआई टूल या रोबोट कभी भी कॉपी नहीं कर सकता.

इसलिए मई 2026 के कोर अपडेट और जून 2026 के इस स्पैम अपडेट को सिर्फ एक सामान्य ट्रैफिक ड्रॉप का संकट मत मानिए. यह गूगल का सीधा संदेश है कि उसे अब इंटरनेट की रीसाइक्लिंग नहीं चाहिए, बल्कि उसे कुछ नया और अनोखा चाहिए. आने वाले वर्षों में भविष्य के एसईओ (SEO) का मतलब सिर्फ सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन नहीं होगा, बल्कि इसका असली मतलब स्टोरी एक्सपीरियंस ऑप्टिमाइजेशन होगा, ताकि यूजर पढ़कर कह सके कि यह बात उसे पहले इंटरनेट पर कहीं नहीं मिली थी.

Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Hi! I am Harsh Srivastava, currently working as a Content Writer and News Coordinator at Newstrack. I oversee content planning, coordination, and contribute with in-depth articles and news features, especially focusing on politics and crime. I started my journey in journalism in 2023 and have worked with leading publications such as Hindustan, Times of India, and India News, gaining experience across cities including Varanasi, Delhi and Lucknow. My work revolves around curating timely news, in- depth research, and delivering engaging content to keep readers informed and connected.

Next Story