'मंत्री का इस्तीफा लेने से सत्ता न चली जाएगी', अन्ना हजारे ने PM मोदी को लिखा पत्र, की बड़ी अपील

Anna Hazare Letter to PM Modi: अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर छात्र आंदोलन, पेपर लीक, सोनम वांगचुक और मंत्री की जवाबदेही पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री का इस्तीफा लेने से सरकार नहीं गिर जाएगी और संवाद से समाधान निकालने की अपील की।

Alakha Singh
Published on: 22 July 2026 10:41 PM IST
Anna Hazare Letter to PM Modi
X

Anna Hazare Letter to PM Modi

Anna Hazare Letter to PM Modi: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने छात्र आंदोलन, कथित पेपर लीक मामलों और हालिया पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। सरकार से संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की आवाज को बलपूर्वक दबाने के बजाय बातचीत और आपसी सम्मान के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में अन्ना हजारे ने नई दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं। उनके मुताबिक, किसी भी परिस्थिति में हिंसा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान और अनावश्यक बल प्रयोग से बचना चाहिए। उन्होंने सरकार से आंदोलनकारी छात्रों के साथ संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ संवाद करने का आग्रह किया।

पेपर लीक और बेरोजगारी पर जताई चिंता

अन्ना हजारे ने पत्र में कहा कि देश के लाखों युवा प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं के कारण गहरे असंतोष का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस असंतोष को केवल कानून-व्यवस्था का विषय मानने के बजाय युवाओं की वास्तविक पीड़ा और अपेक्षाओं के रूप में देखा जाना चाहिए।

उन्होंने वर्ष 2024 के नीट पेपर लीक का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर पहले भी गंभीर सवाल उठ चुके हैं। उनके अनुसार, इस वर्ष भी करीब 22 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और पेपर लीक के आरोप सामने आए। उन्होंने छात्रों की आत्महत्या की खबरों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए इसे गंभीर सामाजिक मुद्दा बताया।

'मंत्री का इस्तीफा लेने से सरकार नहीं गिर जाएगी'

अन्ना हजारे ने पत्र में जवाबदेही का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसी विभाग में अनियमितताएं सामने आने पर पूरी जिम्मेदारी केवल निचले स्तर के अधिकारियों पर नहीं डाली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जवाबदेही तय करते हुए संबंधित मंत्री का इस्तीफा लिया जाता है तो इससे सरकार नहीं गिरेगी, बल्कि शासन व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता का संदेश जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अक्सर उपलब्धियों का श्रेय स्वयं लेती है, जबकि अनियमितताओं या घोटालों की जिम्मेदारी अधिकारियों पर डाल दी जाती है। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में अंतिम जवाबदेही शीर्ष स्तर पर बैठे लोगों की होती है।

सोनम वांगचुक का भी किया उल्लेख

अन्ना हजारे ने अपने पत्र में पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने की कार्रवाई लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप नहीं थी। उनका कहना था कि सरकार ने आंदोलनकारियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने का प्रयास नहीं किया और लंबे समय तक अनशन जारी रहने के बावजूद कोई वरिष्ठ अधिकारी बातचीत के लिए नहीं पहुंचा।

सरकार से संवाद की अपील

पत्र के अंत में अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री मोदी से छात्र आंदोलन को केवल कानून-व्यवस्था के नजरिये से नहीं, बल्कि युवाओं की भावनाओं और उनकी मांगों के संदर्भ में देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार और आंदोलनकारियों के बीच रचनात्मक संवाद ही इस विवाद का स्थायी समाधान निकाल सकता है और इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं का विश्वास और मजबूत होगा।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story