शुक्रिया प्रेसीडेंट ट्रंप...भारत-अमेरिका ट्रेड डील से गदगद हुए PM मोदी, कहाः मेक इन इंडिया होगा मजबूत

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील की रूपरेखा तय होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 7 Feb 2026 9:30 AM IST (Updated on: 7 Feb 2026 10:41 AM IST)
PM Narendra Modi
X

PM Narendra Modi

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील की रूपरेखा तय होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रधानमंत्री ने इस समझौते को दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ते भरोसे, गहराई और साझेदारी की नई दिशा का संकेत बताया है। उन्होंने इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिए एक सकारात्मक और दूरगामी कदम करार देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार भी व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा कि यह भारत और अमेरिका दोनों के लिए बेहद अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक मजबूत फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है, जो आपसी सहयोग को और सुदृढ़ करेगा। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता सराहनीय है।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यह फ्रेमवर्क भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी की बढ़ती गहराई, आपसी विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को नई मजबूती देगा। इससे भारत के किसानों, उद्यमियों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSMEs), स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। पीएम मोदी के अनुसार, इस पहल से देश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे, खासकर महिलाओं और युवाओं के लिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह ट्रेड फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और गहरा करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे न केवल आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग को भी नई ऊंचाई मिलेगी।

वैश्विक परिप्रेक्ष्य में इस समझौते के महत्व पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह फ्रेमवर्क मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन को बढ़ावा देगा, जिससे वैश्विक विकास में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने लिखा कि भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और इस दिशा में वह ऐसी वैश्विक साझेदारियां बनाना चाहता है, जो भविष्य के लिए उपयोगी हों, लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि को बढ़ावा दें।

गौरतलब है कि भारत और अमेरिका ने शनिवार को अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनने की आधिकारिक घोषणा की थी। इस समझौते के तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हुआ है। यह फ्रेमवर्क 13 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई व्यापक द्विपक्षीय व्यापार वार्ता का हिस्सा है। दोनों देशों का मानना है कि यह अंतरिम समझौता भारत-अमेरिका साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और पारस्परिक हितों पर आधारित संतुलित व्यापार को नई दिशा देगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story