पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखा, फिर थाने पहुंचा पति, बोला- जेल से निकला तो उसके ‘शुगर डैडी’ को…

Guwahati Murder Case: गुवाहाटी में उबर ड्राइवर रामानुज गोस्वामी पर पत्नी रिया की बेरहमी से हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सिर धड़ से अलग कर फ्रिज में रखा और फिर थाने में सरेंडर कर दिया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 8 Sept 2026 9:47 PM IST
Guwahati Murder Case
X

Image Source- Social Media

Guwahati Murder Case: असम के गुवाहाटी में पति द्वारा पत्नी की नृशंस हत्या (Brutal Murder) का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है। पुलिस के मुताबिक, उबर ड्राइवर (Uber Driver) रामानुज गोस्वामी ने विवाद के बाद अपनी पत्नी रिया की तेज धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने पत्नी का सिर धड़ से अलग कर फ्रिज में काले पॉलीथिन बैग के अंदर रख दिया। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।

पुलिस पूछताछ में रामानुज ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यह भी कहा कि उसे पत्नी की हत्या करने का कोई पछतावा नहीं है। इतना ही नहीं, उसने धमकी दी कि अगर वह भविष्य में जेल से बाहर आया तो अपनी पत्नी के ‘शुगर डैडी’ (Sugar Daddy) को भी मार देगा।

परिवार के फोन का जवाब नहीं दे रहे थे दोनों

पुलिस के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब परिवार के लोग लगातार दोनों को फोन कर रहे थे, लेकिन कोई भी फोन नहीं उठा रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई कि बसिष्ठापुर की लेन नंबर 4 में हाउस नंबर 14 में रहने वाला यह कपल परिवार के लोगों के बार-बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं दे रहा है।

सूचना मिलने के बाद हाटीगांव थाना पुलिस की टीम रात करीब 9:45 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। कमरे के अंदर महिला का धड़ पड़ा था, जबकि उसका कटा हुआ सिर फ्रिज के अंदर काले पॉलीथिन बैग में रखा मिला।

धड़ से अलग मिला सिर, उंगलियां भी कटी

डीसीपी ईस्ट तब्बू राम पेगू ने बताया कि आरोपी ने तेज धारदार हथियार से अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया था। जांचकर्ताओं को रिया का सिर धड़ से अलग मिला और उसे काले पॉलीथिन बैग में लपेटकर फ्रिज के अंदर रखा गया था।

पुलिस को मौके से पीड़िता की कुछ कटी हुई उंगलियां भी मिली हैं। पूरे अपार्टमेंट में खून के धब्बे (Blood Stains) बिखरे हुए थे। घर के अंदर घरेलू सामान भी इधर-उधर फैला हुआ मिला, जिससे वहां हुई हिंसा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पूछताछ में बोला- हत्या का कोई पछतावा नहीं

जांच अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस जब रामानुज गोस्वामी को पूछताछ के लिए ले जा रही थी, उसी दौरान उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस से साफ कहा कि उसे अपनी पत्नी की हत्या करने का कोई पछतावा नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, रामानुज ने यह भी धमकी दी कि अगर वह जेल जाने के बाद किसी तरह बाहर आया तो अपनी पत्नी के ‘शुगर डैडी’ को भी नहीं छोड़ेगा और उसकी भी हत्या कर देगा। पुलिस आरोपी के इन बयानों को रिकॉर्ड पर ले रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

शव मिलने से 24 से 48 घंटे पहले हुई हत्या

पुलिस और फॉरेंसिक टीम (Forensic Team) ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया संदिग्ध तेज धारदार हथियार ‘दाओ’ बरामद किया है। इसके अलावा घटनास्थल से दूसरे सबूत भी जुटाए गए हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि हत्या शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई थी।

हत्या के बाद रिया के शव को पोस्टमार्टम (Postmortem) के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं सीआईडी (CID) और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ (Fingerprint Experts) भी घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगे हैं।

पत्नी के किसी और से संबंध होने का था शक

डीसीपी तब्बू राम पेगू के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी और व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, ऐसे ही एक विवाद के दौरान रामानुज ने अपना आपा खो दिया और पत्नी की हत्या कर दी।

हालांकि, आरोपी द्वारा शव के अंगों को कुत्ते को खिलाने के आरोपों पर डीसीपी पेगू ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच में इस पहलू को भी देखा जाएगा।

आरोपी HIV और हेपेटाइटिस C से पीड़ित

मेडिकल जांच (Medical Examination) के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी रामानुज गोस्वामी एचआईवी (HIV) और हेपेटाइटिस सी (Hepatitis C) से पीड़ित है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 20 से ज्यादा बार नशा मुक्ति केंद्र यानी रिहैब सेंटर (Rehab Centre) में भी रह चुका है।

अब पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या रामानुज ने वारदात को नशे के प्रभाव में अंजाम दिया था। हत्या के पीछे विवाद, शक और आरोपी की मानसिक स्थिति समेत अलग-अलग पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।

छह महीने पहले ही हुई थी दोनों की शादी

पुलिस के मुताबिक, रामानुज और रिया की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। दोनों इसी अपार्टमेंट में साथ रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच कई मुद्दों को लेकर लगातार झगड़े होते रहते थे।

रामानुज मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला है और उबर ड्राइवर के तौर पर काम करता है। पुलिस के मुताबिक, जिस जमीन पर यह अपार्टमेंट बना है, वह उसके पिता की थी। जमीन बिल्डर को बेची गई थी और समझौते के तहत रामानुज के परिवार को इस अपार्टमेंट में मकान मिला था।

वहीं रिया नूनमती की रहने वाली थी। वह फैंसी बाजार के एसी मार्केट में एक बुटीक (Boutique) में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, रिया के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और परिवार में उसका एक भाई है।

फिलहाल पुलिस रामानुज गोस्वामी से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले सबूत, फॉरेंसिक जांच और आरोपी के बयानों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story