'ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो!' CEC के खिलाफ आज Congress का बड़ा प्रदर्शन, देशभर में सड़क पर उतरेगी पार्टी

Gyanesh Kumar Controversy: कांग्रेस का आरोप है कि EC की कार्यप्रणाली के माध्यम से बड़े स्तर पर वोट चोरी की जा रही है और चुनाव प्रक्रिया को कमजोर करने का काम है। इसी मुद्दे को लेकर आज 25 सितंबर को कांग्रेस बड़ी संख्या में पूरे देश में सड़कों पर उतरने जा रही है।

Priya Singh Bisen
Published on: 25 Sept 2026 7:29 AM IST (Updated on: 25 Sept 2026 7:29 AM IST)
Gyanesh Kumar Controversy
X

Gyanesh Kumar Controversy

Gyanesh Kumar Controversy: मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस (Congress) ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के बाद अब पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल (K C Venugopal) ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त पर बहुत बड़ा बोला है।

कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग (Election Commission) की कार्यप्रणाली के माध्यम से बड़े स्तर पर वोट चोरी (Vote Theft) की जा रही है और चुनाव प्रक्रिया को कमजोर करने का काम है। इसी मुद्दे को लेकर आज 25 सितंबर को कांग्रेस बड़ी संख्या में पूरे देश में सड़कों पर उतरने जा रही है।

केसी वेणुगोपाल ने ज्ञानेश कुमार पर लगाए गंभीर आरोप

केसी वेणुगोपाल ने हाल ही में सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले दिन से ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा नियंत्रित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे कथित बड़े पैमाने पर वोट चोरी के अभियान को बेनकाब करते रहे हैं। वेणुगोपाल का बड़ा दावा है कि अब इस पूरे मामले की सच्चाई पूरी तरह सामने आ चुकी है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में संवैधानिक प्रक्रिया (Constitutional Process) को दरकिनार करके निर्णय लिए गए। उनके अनुसार, इन परिस्थितियों में ज्ञानेश कुमार के पास अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है और उन्हें बिना देरी के तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए।

'ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार किया जाना चाहिए'

केसी वेणुगोपाल ने ज्ञानेश कुमार पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े खुलासों के बाद उनके कथित देश-विरोधी कार्य सामने आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र (Democracy) के खिलाफ किए गए इन कथित रूप से कामों के लिए ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

वेणुगोपाल ने स्पष्ट करे हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को केवल बयानबाजी तक ही सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे लेकर पूरे देश में आंदोलन करेगी। उनका कहना है कि लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की रक्षा के लिए पार्टी सड़कों पर उतरने जा रही है।

25 सितंबर को राज्य चुनाव आयोग के दफ्तरों तक मार्च

कांग्रेस संगठन महासचिव ने बताया कि सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों (PCCs) को आदेश दिया गया है कि वे 25 सितंबर को अपने-अपने राज्यों में बड़े विरोध मार्च (Protest March) निकालें। यह मार्च राज्य चुनाव आयोग के दफ्तरों तक पहुंचेंगे।

वहीं, कांग्रेस की तरफ से इन प्रदर्शनों के दौरान ज्ञानेश कुमार की तत्काल गिरफ्तारी, उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने और उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए सभी फैसलों की जांच की मांग की जाएगी। इसके साथ ही मतदाता सूची (Voter List) में किए गए परिवर्तनों की पूरी और निष्पक्ष रूप से जांच की मांग भी कांग्रेस करेगी।

वेणुगोपाल ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को पद से नहीं हटाया जाता, उन्हें जेल नहीं भेजा जाता और कांग्रेस की सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

28 सितंबर को जिला स्तर पर भी होगा बड़ा प्रदर्शन

कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का अगला चरण भी लगभग तय कर दिया है। केसी वेणुगोपाल के अनुसार, सोमवार 28 सितंबर को सभी जिला कांग्रेस कमेटियां (DCCs) अपने-अपने जिला कलेक्ट्रेट तक बड़े विरोध मार्च निकालेंगी।

इन प्रदर्शनों में भी ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उन्हें गिरफ्तार करने और उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों को पलटने की मांग की जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उसकी तरफ से उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई नहीं होती।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल

केसी वेणुगोपाल ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल खड़े किये। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मतदाता पंजीकरण (Voter Registration), मतदाताओं के नाम हटाने और चुनावी आंकड़ों तक पहुंच समेत वोटर लिस्ट से संबंधित कई अहम निर्णयों पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

वेणुगोपाल ने कहा कि हमें अपने लोकतंत्र की रक्षा करनी है। उन्होंने कहा कि वह इस रिपोर्ट से स्तब्ध हैं। उनके अनुसार, रिपोर्ट में गोवा चुनाव (Goa Election) से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है, जिसमें दो चुनाव आयुक्तों ने पत्र लिखकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कई बार यह याद दिलाया कि लोकतंत्र को नुकसान न पहुंचाया जाए, वोटर लिस्ट को नष्ट न किया जाए और नए मतदाताओं को किसी भी तरह से परेशान न किया जाए।

गोवा में वोटर्स के नाम हटाने का दावा

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि गोवा में SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए। वेणुगोपाल के अनुसार, गोवा के 38 निवासियों ने अपने नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत की थी।

उन्होंने दावा किया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने इन लोगों के नाम फिर से शामिल करने की सिफारिश की, लेकिन निर्वाचन आयोग ने इसकी अनुमति नहीं दी। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने नाम फिर से शामिल करने की अनुमति नहीं दी।

'PM Modi के एजेंट की तरह काम कर रहे CEC'

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि गोवा का यह मामला केवल एक उदाहरण है कि BJP कथित तौर पर मतदाता सूची के माध्यम से क्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरह की गतिविधियां देशभर में हो रही हैं।

वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के उस आरोप का भी जिक्र किया, जिसमें राहुल गांधी निरंतर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पीएम नरेंद्र मोदी के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाते रहे हैं। वेणुगोपाल ने दावा किया कि BJP सरकार द्वारा नियुक्त निर्वाचन आयुक्तों की टिप्पणियों से राहुल गांधी का यह आरोप सही साबित हुआ है।

चुनाव प्रणाली को नियंत्रण में लेने की साजिश का आरोप

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भारतीय चुनाव प्रणाली (Election System) को अपने नियंत्रण में लेने की कथितरूप से बड़ी साजिश करने का आरोप लगाया।

वेणुगोपाल ने दावा किया कि निर्वाचन अधिकारियों या राज्य निर्वाचन आयोग के पास वोटर लिस्ट तक पूरी पहुंच नहीं है। उनके अनुसार, वोटर लिस्ट को दिल्ली स्थित चुनाव आयोग के आईटी विभाग (IT Department) द्वारा नियंत्रित किया जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वोटर लिस्ट का नियंत्रण केंद्रीय स्तर पर है, तो इनमें केंद्रीय स्तर से हेरफेर किया जा सकता है। कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर अब पूरे देश में आंदोलन करने जा रही है और चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े अपने सवालों को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर दबाव बनाने का पूरा प्रयास करेगी।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.comPriyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story