TRENDING TAGS :
चुनाव आयोग के बाद अब परिसीमन मामले में भी निशाने पर ज्ञानेश कुमार, क्या है पूरा विवाद?
Gyanesh Kumar Delimitation Role: परिसीमन विधेयक 2026 को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर कब्जे का आरोप लगाते हुए मोदी और शाह को ब्लैंक चेक मिलने का दावा किया। जानिए परिसीमन आयोग की शक्तियों और पूरे विवाद की वजह।
Image Source- Social Media
Gyanesh Kumar Delimitation Role: केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन अभियान को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। संसद के विशेष सत्र में लाए जा रहे परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 के प्रावधानों को लेकर विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। विपक्ष का सवाल है कि जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पहले ही आरोप लगाए जा रहे हैं, तो देश के चुनावी नक्शे को नए सिरे से तय करने की प्रक्रिया में मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका क्यों रखी गई है।
प्रस्तावित विधेयक के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त परिसीमन आयोग (Delimitation Commission) के पदेन सदस्य होंगे। हालांकि, उनके पास यह विकल्प भी होगा कि वह खुद आयोग का हिस्सा बनने के बजाय किसी अन्य चुनाव आयुक्त को नामित कर दें। इस प्रावधान को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
परिसीमन आयोग में क्या होगी भूमिका?
परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 के प्रावधानों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार परिसीमन आयोग के पदेन सदस्य होंगे, बशर्ते वह अपनी जगह किसी अन्य चुनाव आयुक्त को नामित न करें। यही आयोग देशभर में लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को नए सिरे से तय करेगा।
इस व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर पहले से ही विवाद रहा है और अब परिसीमन की जिम्मेदारी में भी मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका अहम होने जा रही है।
राहुल गांधी ने लगाया 'कब्जे' का आरोप
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर पहले ही कब्जा किया जा चुका है और अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार परिसीमन की प्रक्रिया की भी निगरानी करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ही परिसीमन की देखरेख करेंगे। उन्होंने दावा किया कि आयोग की मौजूदा संरचना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को देश का चुनावी नक्शा बदलने के लिए ब्लैंक चेक देती है।
राहुल गांधी की ओर से चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने के बाद बीजेपी ने भी पलटवार किया। वरिष्ठ बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को चुनावी प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पहले भी विपक्ष के निशाने पर रहे हैं ज्ञानेश कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहले भी विपक्षी दलों के निशाने पर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी चुनावी प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली को लेकर उन पर सवाल उठा चुके हैं।
विपक्ष की मौजूदा आशंकाएं वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के दौरान कथित अनियमितताओं के पुराने आरोपों से भी जुड़ी हैं। इसी साल मार्च में 193 विपक्षी सांसदों ने पक्षपात और मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए नोटिस सौंपा था।
इसके बाद अक्टूबर में करीब 300 विपक्षी सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च भी निकाला था। अब परिसीमन आयोग में उनकी संभावित भूमिका को लेकर विपक्ष ने फिर से सवाल उठाए हैं।
दूसरे चुनाव आयुक्त को नामित करने का विकल्प
प्रस्तावित विधेयक में मुख्य चुनाव आयुक्त के लिए आयोग में खुद शामिल होने के बजाय किसी दूसरे चुनाव आयुक्त को नामित करने का विकल्प भी रखा गया है। वह चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू या विवेक जोशी में से किसी एक को परिसीमन आयोग में अपनी जगह भेज सकते हैं।
इससे पहले 2020 में जम्मू-कश्मीर परिसीमन (Jammu Kashmir Delimitation) के दौरान तत्कालीन मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा को नामित किया था। इस उदाहरण के आधार पर प्रस्तावित विधेयक में भी मुख्य चुनाव आयुक्त के पास प्रतिनिधि नियुक्त करने का विकल्प रखा गया है।
26 जनवरी 2029 तक है ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 26 जनवरी 2029 तक है। केंद्र सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करना है। ऐसे में कार्यकाल की अवधि को देखते हुए इस पूरी प्रक्रिया के अधिकांश हिस्से में ज्ञानेश कुमार की भूमिका बनी रह सकती है।
परिसीमन को लेकर संसद में होने वाली चर्चा और विधेयक के प्रावधानों के बीच विपक्षी दल आयोग की शक्तियों पर भी चिंता जता रहे हैं। खास तौर पर उस प्रावधान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, जिसके तहत परिसीमन आयोग के अंतिम आदेशों को कानून का दर्जा मिलेगा और उन्हें देश की किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी।
परिसीमन आयोग को मिलने वाली इन शक्तियों और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर विपक्ष की आपत्तियां अब संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गई हैं।


