TRENDING TAGS :
राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस! हल्द्वानी में CO ऑफिस में FIR की मांग पर अड़ें सैंकड़ों कार्यकर्ता, आंदोलन की चेतावनी
हल्द्वानी में रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी विवाद और तेज हो गया है।
Rahul Gandhi FIR at Haldwani: उत्तराखंड के हल्द्वानी में रामलीला मैदान के कथित 'शुद्धिकरण' को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी कल यानी 30 अगस्त को हल्द्वानी में LOP राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी। इसे लेकर पूरे कांग्रेस और कार्यकर्ताओं के बीच रोष देखने को मिल रहा है।
इसके विरोध में वहां नेता प्रतिपक्ष और विधायक यशपाल आर्य की अगुवाई में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता CO कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज करने की मांग की। FIR दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। कार्यकर्ताओं ने बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
FIR दर्ज कराने की मांग लेकर CO ऑफिस पहुंचे कांग्रेसी
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्होंने रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन उनकी शिकायत पर अब तक FIR दर्ज नहीं की गई। इसी मांग को लेकर यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी CO कार्यालय पहुंचे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जल्द FIR दर्ज कर दी, तो उनकी शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने पुलिस से साफ तौर पर FIR दर्ज करने की मांग की। पुलिस की ओर से शिकायत की प्राप्ति का प्रमाण देने की बात कही गई, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता FIR दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।
CO और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तीखी बहस
CO कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारी के बीच काफी देर तक तीखी बहस होती रही। कांग्रेस नेताओं ने अपनी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर पुलिस से सवाल किए। मामला बढ़ता देख CO ने कहा कि वह इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से बात करेंगे। इसके बाद वह अपने कार्यालय से बाहर चले गए। कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान FIR दर्ज करने की मांग पर कायम रहे।
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हो चुकी है FIR
इस पूरे विवाद के बीच हल्द्वानी सिटी कोतवाली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ पहले ही FIR दर्ज की जा चुकी है। यह मामला अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान से अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। मामले में BNSS की धारा 196 और 299 के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 की धारा 3(1) के तहत केस दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कथित तौर पर 'शुद्धिकरण' हवन किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी घटना पर राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए इसे छुआछूत से जोड़ा था। राहुल गांधी ने कहा था कि देश में दलितों को जन्म से लेकर मृत्यु तक अलग-अलग स्तर पर अपमान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान में हुए कथित 'शुद्धिकरण' को भी इसी संदर्भ में बताया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि 'शुद्धिकरण' के नाम पर खरगे के खिलाफ छुआछूत की गई और कहा था कि संविधान के अनुसार छुआछूत दंडनीय अपराध है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि घटना को करीब 20 दिन बीत जाने के बावजूद FIR क्यों दर्ज नहीं हुई।
बीजेपी की ओर से भी राहुल गांधी पर निशाना
राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी की ओर से भी उनकी आलोचना की गई। हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया ने राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति सीखने की सलाह दी। उन्होंने राहुल गांधी के पहनावे और व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि उन्हें भारतीय संस्कृति को समझना चाहिए।


