TRENDING TAGS :
फिर चर्चा में रोहित गोदारा गैंग....चरखी दादरी में ताबड़तोड़ फायरिंग, नवीन बॉक्सर ने ली जिम्मेदारी, VIDEO
Haryana Charkhi Dadri Firing: हरियाणा के चरखी दादरी में कोर्ट जा रही स्कॉर्पियो पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नवीन बॉक्सर द्वारा ऑडियो में हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। घटना में सात लोग घायल हुए हैं।
Image Source- Social Media
Haryana Charkhi Dadri Firing: हरियाणा के चरखी दादरी (Charkhi Dadri) में गुरुवार दोपहर कोर्ट पेशी पर जा रहे स्कॉर्पियो (Scorpio) सवार लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस हमले में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वायरल ऑडियो सामने आया है, जिसमें नवीन बॉक्सर (Naveen Boxer) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
ऑडियो में दावा किया गया है कि हमला अनिल फतेहगढ़ी (Anil Fatehgarh) को निशाना बनाकर किया गया था। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
10 से 15 राउंड की फायरिंग
शुरुआती जानकारी के अनुसार तीन हमलावर पैदल आए और स्कॉर्पियो (Scorpio) में सवार लोगों पर करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक जिस स्कॉर्पियो पर हमला हुआ, उसमें सवार लोगों का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। घटना के समय सभी किसी मामले में कोर्ट पेशी के लिए जा रहे थे।
सात लोग घायल, दो की हालत गंभीर
पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे थाना सिटी दादरी के पास तीन पैदल व्यक्तियों ने एक स्कॉर्पियो (Scorpio) पर फायरिंग की। उस गाड़ी में अमित, अंकित, सूरज, विजय और कीर्तिमान समेत अन्य लोग सवार थे।
फायरिंग में कुल सात लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए चरखी दादरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर किया गया है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फायरिंग करने वाले तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दोनों सीआईए (CIA) टीमें, साइबर सिटी थाना दादरी की टीम और अन्य पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वायरल ऑडियो में नवीन बॉक्सर का दावा
गोलीकांड (Firing Incident) के बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग (Rohit Godara Gang) से जुड़े नवीन बॉक्सर (Naveen Boxer) का एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में नवीन बॉक्सर दावा कर रहा है कि चरखी दादरी में हुई गोलीबारी उसी ने करवाई है।
उसने ऑडियो में कहा कि स्कॉर्पियो (Scorpio) पर किया गया हमला अनिल फतेहगढ़ी (Anil Fatehgarh) को निशाना बनाकर किया गया था।
साथ ही उसने दावा किया कि इस हमले में अनिल फतेहगढ़ी के दो साथियों की मौत हो गई और इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी उनका गैंग लेता है।
CCTV वीडियो भी आया सामने
इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी (CCTV) वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन शूटर हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वहीं एक अन्य शूटर भागता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल ऑडियो व सीसीटीवी वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।


