अंतिम संस्कार के लिए काशी जा रही वैन को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, 7 की मौत; 14 घायल, मची चीख-पुकार

हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत और 14 घायल हो गए। सभी लोग झारखंड के बगोदर से शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे।

Alakha Singh
Published on: 9 Nov 2026 7:30 PM IST
अंतिम संस्कार के लिए काशी जा रही वैन को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, 7 की मौत; 14 घायल, मची चीख-पुकार
X

Hazaribagh Accident: झारखंड के हजारीबाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को दोहरे दुख में डाल दिया। जिस गाड़ी में सवार होकर लोग अपने परिजन का अंतिम संस्कार करने वाराणसी (काशी) जा रहे थे, वही गाड़ी रास्ते में भीषण हादसे का शिकार हो गई। चौपारण की दनुआ घाटी में तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर क्षेत्र स्थित बिहारो टांड से एक शव लेकर वाराणसी जा रहे थे। सवारी गाड़ी में शव रखा हुआ था और परिवार के सदस्य व परिचित लोग उसके अंदर बैठे थे। इसी दौरान हजारीबाग के चौपारण स्थित जीटी रोड की दनुआ घाटी के पास यात्रियों को शौच के लिए रुकना पड़ा। चालक गाड़ी को सड़क किनारे लगा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।


रस्सी ठीक करने के लिए रोकी थी गाड़ी, तभी पीछे से आया ट्रेलर

हादसे की वजह को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, पिकअप वैन में 90 वर्षीय कुंजो प्रजापति का शव रखा हुआ था। शव को रस्सी से बांधकर ले जाया जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे महानैतांड़ के पास शव को बांधने वाली रस्सी ठीक करने के लिए वाहन को सड़क किनारे रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद पिकअप वैन पलट गई और कई यात्री सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयले से लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकराकर घाटी में पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सात लोगों की मौत, तीन घायलों की हालत गंभीर

प्रारंभिक रिपोर्टों में मृतकों की संख्या पांच बताई गई थी, लेकिन बाद की जानकारी में यह आंकड़ा बढ़कर सात हो गया। हादसे में कुल 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों को हजारीबाग और बरही के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन में कुल 19 लोग सवार थे। हादसे में जान गंवाने वालों में राजू पंडित, उनकी पत्नी बुधनी देवी, ढोकल पंडित, रामेश्वर पंडित और रामकिशुन मंडल के नाम सामने आए हैं। शेष मृतकों की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।


मुंबई से पिता के अंतिम संस्कार के लिए लौटा था बेटा

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि राजू पंडित अपने पिता की मौत की खबर सुनकर मुंबई से गांव लौटे थे। वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पिता का अंतिम संस्कार करने वाराणसी जा रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उन्हें और उनके परिवार को भी मौत के मुंह में धकेल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की। फरार ट्रेलर चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story