कब होंगे ICSE-ISC के एग्जाम? बोर्ड ने किया तारीखों का ऐलान, एडमिट कार्ड से परीक्षा तक पूरी डिटेल

ICSE-ISC Board Exam Date: सीआईएससीई ने ICSE और ISC बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है। 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी और 12वीं की 9 फरवरी से शुरू होंगी। जानें पूरा परीक्षा शेड्यूल, बदला हुआ समय और एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख।

Aditya Kumar Verma
Published on: 10 Nov 2026 4:16 PM IST
ICSE ISC Board Exam 2027 Date Sheet Released
X

Image Source- Social Media

ICSE-ISC Board Exam Date: बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन ने साल 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। काउंसिल ने आईसीएसई यानी 10वीं और आईएससी यानी 12वीं की परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान कर दिया है।

इसके मुताबिक, 12वीं के छात्रों की परीक्षाएं 9 फरवरी 2027 से शुरू होंगी, जबकि 10वीं के विद्यार्थियों को 15 फरवरी 2027 से परीक्षा देनी होगी। खास बात यह है कि इस बार 10वीं की परीक्षा के समय में भी बदलाव किया गया है। वहीं, दोनों कक्षाओं के एडमिट कार्ड दिसंबर 2026 के मध्य से मिलने शुरू हो जाएंगे।

10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल जारी

सीआईएससीई (CISCE) की ओर से 10 नवंबर 2026 को आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक, आईसीएसई (ICSE Board Exam 2027) की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होकर 31 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, आईएससी (ISC Board Exam 2027) की परीक्षाएं इससे पहले यानी 9 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी।

इस तरह 12वीं के छात्रों को 10वीं के विद्यार्थियों से पहले परीक्षा देनी होगी। दोनों कक्षाओं के छात्रों के लिए विषयवार डेटशीट जारी कर दी गई है। विद्यार्थी काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर जाकर अपना परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कक्षा और विषय के अनुसार परीक्षा की तारीखों को अच्छी तरह जांच लें, ताकि तैयारी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

यूपी के सबसे ज्यादा छात्र देंगे ICSE की परीक्षा

आईसीएसई कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में इस बार उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) से सबसे ज्यादा छात्र शामिल होने जा रहे हैं। जारी आंकड़ों के मुताबिक, यूपी से कुल 51,168 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके बाद पश्चिम बंगाल का नंबर है, जहां से 46,521 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे।

वहीं, कर्नाटक से 33,417 और महाराष्ट्र से 31,035 अभ्यर्थी आईसीएसई की परीक्षा देंगे। इन आंकड़ों से साफ है कि 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों की संख्या सबसे अधिक है।

ISC 12वीं में भी उत्तर प्रदेश सबसे आगे

आईएससी कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में भी उत्तर प्रदेश ने सबसे ज्यादा छात्रों के साथ अपनी जगह बनाई है। यहां से कुल 34,702 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, पश्चिम बंगाल से 30,235 अभ्यर्थी 12वीं की परीक्षा देंगे।

इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक से भी बड़ी संख्या में छात्र आईएससी की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। यानी 10वीं की तरह 12वीं की परीक्षा में भी उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा विद्यार्थी बैठने जा रहे हैं।

ICSE 10वीं की परीक्षा का समय बदला

आईसीएसई कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए इस बार परीक्षा के समय में अहम बदलाव किया गया है। नए परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक, अब परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र पढ़ने का समय सुबह 10 बजे से शुरू होगा। वहीं, लिखित परीक्षा सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी।

पहले छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए सुबह 10 बजकर 45 मिनट का समय मिलता था और लिखित परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होती थी। लेकिन इस बार काउंसिल ने परीक्षा का पूरा समय 45 मिनट पहले कर दिया है।

काउंसिल ने विद्यार्थियों को निर्देश दिया है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह 9 बजकर 45 मिनट तक अपने निर्धारित परीक्षा कक्ष या हॉल में बैठ जाएं। ऐसे में छात्रों को परीक्षा वाले दिन समय का विशेष ध्यान रखना होगा। पहले से परीक्षा केंद्र पहुंचना जरूरी होगा, ताकि आखिरी समय में किसी तरह की जल्दबाजी या परेशानी का सामना न करना पड़े।

दिसंबर के मध्य से मिलने शुरू होंगे एडमिट कार्ड

आईसीएसई और आईएससी दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए एडमिट कार्ड (ICSE ISC Admit Card 2027) को लेकर भी जानकारी सामने आ गई है। सीआईएससीई के मुताबिक, दिसंबर 2026 के मध्य से दोनों परीक्षाओं के प्रवेश पत्र वितरित किए जाने शुरू होंगे।

छात्रों को उनके एडमिट कार्ड अपने-अपने स्कूलों के माध्यम से मिलेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने स्कूल से संपर्क बनाए रखना होगा। परीक्षा में शामिल होने से पहले एडमिट कार्ड पर दर्ज जरूरी जानकारियों को भी अच्छी तरह जांच लेना चाहिए।

यहां देखें ICSE-ISC 2027 की डेटशीट

आईसीएसई और आईएससी बोर्ड परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थी विषयवार परीक्षा कार्यक्रम और जरूरी दिशा-निर्देश सीआईएससीई की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर देख सकते हैं। काउंसिल की ओर से जारी कार्यक्रम में हर विषय की परीक्षा की तारीख और समय दिया गया है।

छात्रों को सलाह है कि वे जारी डेटशीट के हिसाब से अपनी पढ़ाई की रणनीति तैयार करें। जिन विषयों की परीक्षा पहले है, उनकी तैयारी पर विशेष ध्यान दें। साथ ही परीक्षा की तारीख और समय को लेकर किसी तरह का भ्रम न रखें। इस बार 10वीं की परीक्षा का समय 45 मिनट पहले कर दिया गया है, इसलिए विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या और परीक्षा केंद्र पहुंचने की तैयारी भी उसी हिसाब से करनी होगी।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story