समंदर में फिर जागा मौसमी कुंभकरण, जमीन पर बज उठी आफत की घंटी; इस दिन बिगड़ेगा मौसम का खेल!

IMD Heavy Rain Alert: दक्षिण अंडमान सागर में नया मौसम सिस्टम मजबूत हो रहा है। IMD ने तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश और 2 नवंबर को नीलगिरी में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

Shalni Kumari
Published on: 31 Oct 2026 1:58 PM IST
IMD Heavy Rain Alert
X

IMD Heavy Rain Alert 

IMD Heavy Rain Alert: समंदर में बन रहा नया मौसम सिस्टम (Weather System) एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ा सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर में विकसित हो रहा कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) अगले कुछ दिनों में और मजबूत हो सकता है। इसके आंध्र प्रदेश तट (Andhra Pradesh Coast) की ओर बढ़ने की संभावना है। इस सिस्टम का असर खासतौर पर तमिलनाडु (Tamil Nadu) में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है, जबकि नीलगिरी (Nilgiris) में 2 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में अर्नब चक्रवाती तूफान (Cyclone Arnab) कमजोर पड़ा है। इसके असर से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। अब दक्षिण अंडमान सागर में बन रहा नया सिस्टम मौसम का रुख बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को और मजबूत होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों में यह आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। इससे तमिलनाडु के तटीय और अंदरूनी जिलों में बारिश बढ़ने का अनुमान है।

1 और 2 नवंबर को कैसा रहेगा तमिलनाडु का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 नवंबर को पश्चिमी घाट (Western Ghats) से सटे जिलों और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। चेन्नई भी इस दायरे में शामिल है। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है। उत्तरी तटीय जिलों और पश्चिमी घाट के आसपास के क्षेत्रों में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

मदुरै, तिरुचि, नमक्कल, सलेम, इरोड और करूर जैसे अंदरूनी जिलों में भी बारिश होने का अनुमान है। 2 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने नीलगिरी जिले में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (Heavy Rain) की चेतावनी दी है। इस दौरान गरज-चमक (Thunderstorm) और बिजली गिरने की आशंका भी है। राज्य के दूसरे हिस्सों में भी कुछ जगहों पर मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

दीपावली पर भी बारिश डाल सकती है खलल

चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक दुरई ने बताया कि दीपावली के दिन तमिलनाडु के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। ऐसे में त्योहार के दौरान मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून (Northeast Monsoon) के दौरान अब तक सामान्य से 37 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राज्य में बारिश की स्थिति अलग-अलग रह सकती है। शुरुआत में तटीय और पश्चिमी घाट से जुड़े इलाकों में हल्की बारिश होगी, जबकि रविवार को राज्य के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार को नीलगिरी में भारी बारिश की आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story