Rain Weather Today: मानसून ने मचाई तबाही! दिल्ली से हिमाचल तक हाहाकार, IMD ने जारी किया बड़ा वर्षा का अलर्ट

Rain Weather Today: IMD ने आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने का बड़ा अलर्ट जारी किया है।

Priya Singh Bisen
Published on: 8 July 2026 12:26 PM IST (Updated on: 8 July 2026 12:26 PM IST)
Rain Weather Today
X

Rain Weather Today

Rain Weather Today: इस वक़्त पूरे देश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में भारी वर्षा ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। राजधानी दिल्ली से लेकर मुंबई, पालघर, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश तक लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा ने लोगों के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ा कर दी हैं। कई शहरों में सड़कें जलमग्न हैं, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की तमाम घटनाएं सामने आ रही हैं और कई मार्ग बंद होने से काफी ज्यादा यातायात प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने का बड़ा अलर्ट जारी किया है।

Delhi-NCR में पूरी रात वर्षा, कई इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में देर रात से लगातार भारी वर्षा का दौर जारी रहा। सुबह होते ही कई प्रमुख सड़कें पानी से भर गईं, जिससे कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। कई अंडरपास और निचले इलाकों में जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कुछ निजी कंपनियों ने कर्मचारियों को घर से काम (WFH =) करने की सलाह भी दी। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अगले कुछ घंटों तक वर्षा जारी रह सकती है।

मुंबई और पालघर में बाढ़ जैसे हालात

महाराष्ट्र के मुंबई और पालघर जिले में भी लगातार वर्षा ने हालात चुनौतीपूर्ण बना दिए हैं। मुंबई के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हुई। वहीं पालघर से मानवता की मिसाल पेश करने वाली एक घटना सामने आई, जहां बाढ़ के बीच एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और समाजसेवियों ने सीने तक पानी में पैदल सफर तय किया। घर के दरवाजे को अस्थायी स्ट्रेचर बनाकर महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। इस साहसिक कोशिश की पूरे राज्य में प्रशंसा हो रही है।

हिमाचल प्रदेश में सड़क संपर्क बहाल करने का प्रयास

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिस कारण अनेक सड़कें बंद हो गईं। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क संपर्क बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पहले से मशीनों और संसाधनों की व्यवस्था कर ली गई थी, जिसके कारण बंद मार्गों को तेजी से खोला जा रहा है।

राज्य सरकार ने साफ़ किया है कि लोगों की आवाजाही सामान्य बनाने और राहत कार्यों को तेज करने के लिए सभी संबंधित विभाग लगातार काम कर रहे हैं।

100 से ज्यादा सड़कें प्रभावित

हिमाचल सरकार के मुताबिक, मानसून के कारण राज्य में 100 से ज्यादा सड़कें प्रभावित हुई थीं। प्रशासन का लक्ष्य इनमें से ज्यादातर मार्गों को जल्द से जल्द चालू करना है। लगातार वर्षा के बावजूद मशीनें और राहत दल प्रभावित इलाकों में तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

राजस्थान में भारी वर्षा से कई शहर जलमग्न

राजस्थान में भी मानसून का प्रभाव तेज़ी से देखने को मिल रहा है। नागौर में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा दर्ज की गई, जबकि डूंगरपुर सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल रहा। पूरी रात हुई मूसलाधार वर्षा के कारण कई कॉलोनियों और बाजारों में तीन फीट तक पानी भर गया।

घाटी क्षेत्र, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन लगातार पानी निकासी और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

कई राज्यों में बड़ा अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सक्रिय मानसूनी तंत्र के कारण अगले दो दिनों तक वर्षा का दौर जारी रह सकता है। कई स्थानों पर तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और अचानक बाढ़ जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और जलभराव वाले इलाकों में जाने से परहेज करें। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून का यह सक्रिय दौर अभी कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। ऐसे में नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है। फिलहाल देश के कई हिस्सों में वर्षा राहत के साथ-साथ नई चुनौतियां भी लेकर आई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.comPriyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story