आसमान से बरसेगी आफत! कहीं बर्फबारी तो कहीं आंधी-तूफान, IMD ने जारी किया अलर्ट

IMD Weather Alert: मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में 15 नवंबर तक डिप्रेशन बनने की संभावना है। जानिए किन राज्यों में मौसम बदलेगा।

Shalni Kumari
Published on: 12 Nov 2026 2:57 PM IST (Updated on: 12 Nov 2026 3:49 PM IST)
Rain Alert
X

Rain Alert

IMD Weather Alert: उत्तर भारत में सर्दी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस बदलाव की बड़ी वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। जम्मू-कश्मीर में 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में भी एक नया मौसमी सिस्टम बनने के संकेत हैं, जो आगे चलकर डिप्रेशन (Depression) में बदल सकता है।

जम्मू-कश्मीर से हिमाचल तक बारिश और बर्फबारी के आसार

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 और 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 14 और 15 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश के आसार हैं।

12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कुछ जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा 12 से 14 नवंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी इसी अवधि के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है।

मैदानी इलाकों की बात करें तो 12 और 13 नवंबर को पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। 14 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

अंडमान-निकोबार में 18 नवंबर तक बारिश का दौर

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अगले कई दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 18 नवंबर के बीच यहां कई स्थानों पर व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 12 से 16 नवंबर तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 12 से 16 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बरसेंगे बादल

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है। 12 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इन राज्यों में 15 से 17 नवंबर के बीच भी बारिश की संभावना है।

नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर को तथा 16 से 18 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 12 नवंबर को पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद 14 नवंबर के आसपास उसी क्षेत्र में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने और 15 नवंबर के आसपास इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story