TRENDING TAGS :
INDIA गठबंधन की बैठक से पहले बड़ा झटका! सुप्रिया सुले नहीं होंगी शामिल, सामने आई ये वजह
INDIA Alliance Meeting: संसद के विशेष सत्र से पहले 28 नवंबर को INDIA गठबंधन की अहम बैठक होगी। शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने के कारण सुप्रिया सुले इसमें शामिल नहीं होंगी। जानिए क्या बताई वजह?
Supriya Sule
INDIA Alliance Meeting: संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी दलों की एकजुटता और रणनीति तय करने के लिए होने वाली INDIA गठबंधन की अहम बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले शामिल नहीं होंगी। शनिवार (28 नवंबर) को सुबह 11:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित आवास पर होने वाली इस बैठक से पहले सुप्रिया सुले की गैरमौजूदगी को विपक्ष के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने इसकी वजह अपने पिता शरद पवार की तबीयत बताई है। शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं और सुप्रिया सुले ने कहा है कि इस समय उनका मुंबई में रहना जरूरी है।
सुप्रिया सुले के मुताबिक, वह सोमवार (30 नवंबर) को दिल्ली पहुंचेंगी। उनसे जब पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी के दूसरे सांसद INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे, तो उन्होंने बताया कि पार्टी के सांसद अलग-अलग कार्यक्रमों और कामों में व्यस्त हैं। किसी सांसद के यहां लोकार्पण का कार्यक्रम है तो कहीं भूमि पूजन होना है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जो सांसद व्यस्त नहीं होंगे, उनकी जानकारी दी जाएगी।
परिसीमन और महिला आरक्षण पर बनेगी विपक्ष की रणनीति
इस बैठक का सबसे अहम मुद्दा संसद के विशेष सत्र में सरकार की ओर से परिसीमन (Delimitation) से जुड़े संभावित संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश किए जाने की आशंका है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। विपक्षी दलों को आशंका है कि सरकार महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के नाम पर परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव आगे बढ़ा सकती है।
ऐसे में विपक्षी दल इस मुद्दे पर सरकार को घेरने और संसद के भीतर साझा रणनीति बनाने पर चर्चा कर सकते हैं। महिला आरक्षण, लोकसभा सीटों के परिसीमन और राज्यों के बीच सीटों के संभावित पुनर्वितरण जैसे सवाल भी चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं। कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त बनाने के बजाय मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या और राज्यों के बीच उनके वितरण को बरकरार रखते हुए इसे लागू किया जाना चाहिए।
DMK, AAP और BJD को भी भेजा गया न्योता
मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार की बैठक के लिए INDIA गठबंधन में शामिल दलों के संसदीय दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है। खास बात यह है कि बैठक का दायरा केवल INDIA गठबंधन तक सीमित नहीं रखा गया है। विपक्षी खेमे के गैर-गठबंधन दलों को भी इसमें शामिल होने का न्योता दिया गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, तमिलनाडु की डीएमके (DMK), आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजू जनता दल (BJD) समेत अन्य विपक्षी दलों को भी बुलाया गया है। बैठक में इन दलों के संसदीय नेताओं या प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। ऐसे में विपक्षी दलों के पास सरकार के विधायी एजेंडे पर अपना रुख तय करने और सदन में एक साझा रणनीति बनाने का मौका होगा। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, सुप्रिया सुले ने भी कहा है कि जब तक विधेयक का मसौदा सामने नहीं आता, तब तक उस पर पार्टी का रुख स्पष्ट करना मुश्किल है।
इस बीच, शरद पवार की तबीयत के कारण सुप्रिया सुले का बैठक से दूर रहना चर्चा में है। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद पार्टी के अन्य सांसद बैठक में शामिल होंगे या नहीं, इस पर स्थिति अभी साफ नहीं है।


