TRENDING TAGS :
दिल्ली से दूरी, ढाका की नाराजगी और गंगा जल संधि पर संकट! भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में क्या होने वाला है?
India Bangladesh Relations: भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान का दिल्ली दौरा फिर टल गया है। ढाका ने भारत में नए उच्चायुक्त असद आलम सियाम के दौरे की योजना भी आगे बढ़ा दी है। वहीं, 12 दिसंबर को खत्म हो रही गंगा जल संधि के नवीनीकरण पर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
Image Source- Social Media
India Bangladesh Relations: भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में जारी खींचतान के बीच अब एक और मामला सामने आया है। बांग्लादेश ने भारत में अपने नए उच्चायुक्त की नियुक्ति और उनके दिल्ली दौरे को फिर टाल दिया है। इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान भी भारत के बुलावे के बावजूद दिल्ली आने से बचते रहे हैं। लगातार टल रहे दौरों और नियुक्ति के बीच दोनों पड़ोसी देशों के द्विपक्षीय संबंधों (Bilateral Relations) को लेकर नई चिंताएं खड़ी हो गई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाका ने भारत में उच्चायुक्त के रूप में असद आलम सियाम के पदभार संभालने और उनके भारत दौरे की योजना को फिलहाल टाल दिया है। इस घटनाक्रम के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर बांग्लादेश भारत के साथ बातचीत को लेकर पीछे क्यों हट रहा है और इसका असर दोनों देशों के रिश्तों पर कितना पड़ सकता है।
नए उच्चायुक्त का भारत दौरा भी टला
एक रिपोर्ट में राजनयिक सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि असद आलम सियाम के 8 नवंबर को विदेश सचिव का पदभार संभालने के तुरंत बाद नई दिल्ली आने की योजना थी। लेकिन अब उनका भारत दौरा टाल दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अब सियाम इस महीने के अंत में भारत आ सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में भारत में नए उच्चायुक्त की नियुक्ति और उनके पदभार संभालने को लेकर इंतजार बढ़ गया है।
तारिक रहमान भी दो बार ठुकरा चुके हैं दिल्ली का न्योता
भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में दूरी की चर्चा उस समय और तेज हो गई, जब प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भारत का दौरा टाल दिया। बताया गया है कि भारत की ओर से पदभार संभालने के बाद उन्हें दो बार दिल्ली आने का निमंत्रण भेजा गया, लेकिन दोनों ही बार उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।
खास बात यह है कि तारिक रहमान हाल ही में चीन, जापान, मलेशिया और तुर्की का दौरा कर चुके हैं, लेकिन अब तक भारत नहीं आए हैं। बीते दिनों यह खबर जरूर सामने आई थी कि वह जल्द ही भारत आ सकते हैं। हालांकि, इस संभावित दौरे को लेकर भारत और बांग्लादेश, दोनों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
शेख हसीना की वजह से भारत से नाराज है बांग्लादेश?
दरअसल, बांग्लादेश की नाराजगी की एक बड़ी वजह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का भारत में रहना बताया जा रहा है। ढाका कई महीनों से लगातार शेख हसीना के प्रत्यर्पण (Extradition) की मांग कर रहा है। वहीं, भारत ने साफ किया है कि वह ऐसे अनुरोधों पर उचित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत ही जवाब देगा।
बता दें कि अगस्त 2024 में ढाका में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना भारत आ गई थीं। तब से वह यहीं रह रही हैं। हाल ही में शेख हसीना ने एक बयान में कहा था कि वह दिसंबर तक अपने वतन लौट जाएंगी।
दूसरी तरफ, बांग्लादेश की ओर से भी कहा गया है कि शेख हसीना की वापसी से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और अब यह मामला भारत के पाले में है। इस तरह ढाका शेख हसीना की वापसी नहीं होने के लिए भारत को जिम्मेदार ठहरा रहा है। इसी मुद्दे को दोनों देशों के बीच तनाव की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है।
12 दिसंबर को खत्म हो रही गंगा जल संधि
भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों की खींचतान का असर अब गंगा जल संधि (Ganga Water Treaty) पर भी पड़ सकता है। दोनों देशों के बीच यह संधि 12 दिसंबर को खत्म हो रही है और इसके नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, तारिक रहमान के भारत दौरे की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण अगले महीने इस संधि के अपने आप दोबारा शुरू होने की संभावनाएं कम होती जा रही हैं। बता दें कि साल 1996 में भारत और बांग्लादेश के बीच इस समझौते पर सहमति बनी थी। इसके तहत फरक्का बैराज पर गंगा नदी के पानी का बंटवारा तय किया जाता है।
संधि में बदलाव चाहता है बांग्लादेश
बांग्लादेश इस समझौते में कुछ बदलाव चाहता है। उसकी मांग है कि सूखे के मौसम में पानी की न्यूनतम गारंटी का प्रावधान यानी 'मिनिमम गारंटी क्लॉज' (Minimum Guarantee Clause) फिर से जोड़ा जाए। इसके अलावा बाढ़ से जुड़े आंकड़ों को भी ज्यादा पारदर्शी तरीके से साझा करने की मांग की जा रही है।
लेकिन संधि के नवीनीकरण को लेकर बातचीत के लिए दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क जरूरी है। ऐसे में तारिक रहमान का भारत दौरा टलने से इस मुद्दे पर बातचीत की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल एक तरफ शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच मतभेद बने हुए हैं, दूसरी तरफ प्रधानमंत्री तारिक रहमान का दिल्ली दौरा और नए उच्चायुक्त की नियुक्ति भी टल गई है। वहीं, 12 दिसंबर को गंगा जल संधि खत्म होने की तारीख करीब आ रही है। ऐसे में दोनों देशों के सामने राजनीतिक रिश्तों के साथ-साथ पानी के बंटवारे से जुड़े अहम समझौते को लेकर भी बातचीत आगे बढ़ाने की चुनौती है।


