Vande Bharat Sleeper Train: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी बेहद खास, जानें किराया, रूट और..

Vande Bharat sleeper train: भारतीय रेलवे की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से कामाख्या के बीच शुरू होने जा रही है। आधुनिक सुविधाओं, तय किराए और पीएम मोदी के उद्घाटन के साथ यह ट्रेन पूर्वी भारत के लिए नई उम्मीद लेकर आएगी।

Gausiya Bano
Published on: 13 Jan 2026 8:53 AM IST
Vande Bharat Sleeper Train: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी बेहद खास, जानें किराया, रूट और..
X

Vande Bharat sleeper train: रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आने वाली है। अब रात की लंबी दूरी की यात्रा और भी आरामदायक, सुरक्षित और आधुनिक होने जा रही है। भारतीय रेलवे पहली बार स्लीपर वर्जन की वंदे भारत ट्रेन शुरू करने जा रहा है, जो देश के रेलवे इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाली है। खास बात यह है कि यह ट्रेन पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी।

हावड़ा से कामाख्या तक दौड़ेगी पहली स्लीपर वंदे भारत

भारतीय रेलवे की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 958 किलोमीटर लंबे हावड़ा-कामाख्या (गुवाहाटी) रूट पर चलाई जाएगी। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल और असम के कई अहम जिलों को सीधे जोड़ेगी। असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन और बोंगाईगांव के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान और हुगली जैसे जिलों को यह ट्रेन बेहतर कनेक्टिविटी देगी। इससे हजारों यात्रियों को रोजाना सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

आराम और सुविधा का नया अनुभव

इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकेंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल हैं। करीब 823 यात्रियों की क्षमता वाली यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे, वेस्टिब्यूल कनेक्शन, कवच एंटी-कोलिजन सिस्टम, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे यात्रा न सिर्फ आरामदायक बल्कि सुरक्षित भी होगी।

कितना होगा किराया

हावड़ा से कामाख्या तक थर्ड एसी का किराया 2299 रुपये तय किया गया है, जबकि सेकेंड एसी के लिए 2970 रुपये और फर्स्ट एसी के लिए 3640 रुपये देने होंगे।

हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी और मालदा टाउन जैसे छोटे रूट्स के लिए किराया इससे कम रखा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस ट्रेन का लाभ उठा सकें। यात्रियों को टिकट पर 5 प्रतिशत जीएसटी भी देना होगा। रेलवे ने इस प्रीमियम ट्रेन के लिए न्यूनतम 400 किलोमीटर की दूरी तय की है।

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन

इस ऐतिहासिक ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को करेंगे। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया कि प्रधानमंत्री इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री मालदा से कामाख्या के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस को भी रवाना करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

पूर्वी भारत के लिए नई उम्मीद

यह नई रेल सेवा दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल के कई महत्वपूर्ण शहरों जैसे बालुरघाट, रायगंज, अलीपुरद्वार और मालदा को बेहतर तरीके से जोड़ेगी। लंबे समय से लोग इस तरह की सीधी और तेज ट्रेन की मांग कर रहे थे। अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेन न सिर्फ दूरी कम करेगी, बल्कि समय, सुविधा और विकास की रफ्तार भी बढ़ाएगी।

Gausiya Bano
ABOUT THE AUTHOR

Gausiya Bano

Gausiya Bano is a Multimedia Journalist based in Lucknow, the capital city of Uttar Pradesh, currently serving as Desk In-Charge at Newstrack. She holds a postgraduate degree in Journalism from Makhanlal Chaturvedi National University, Bhopal, Madhya Pradesh. With over 2.5 years of experience, she has worked with leading organizations including Rajasthan Patrika and NewsBytes. She has expertise in news desk operations, reporting and digital journalism. At Newstrack She oversees content management, ensures editorial accuracy and coordinates with reporters to maintain high newsroom standards. Passionate about ethical reporting and adapting to the evolving media landscape, Gausiya Bano continues to grow as a dedicated and responsible journalist.

Next Story