TRENDING TAGS :
"अगर हिमाकत की, तो..." गुजरात में गरजे राजनाथ सिंह, पाकिस्तान को दी आर-पार की चेतावनी
Rajnath Singh in Gujarat: विजयादशमी के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को सर क्रीक में किसी भी हिमाकत की स्थिति में करारा जवाब देने की चेतावनी दी।
Rajnath Singh in Gujarat: विजयादशमी के पावन अवसर पर भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बार फिर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को सीधी और कड़क चेतावनी दी है। गुरुवार (2 अक्टूबर) को गुजरात के कच्छ में शस्त्र पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद, उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर पाकिस्तान ने सर क्रीक इलाके में कोई भी हिमाकत करने की कोशिश की, तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि न सिर्फ इतिहास, बल्कि भूगोल भी बदल जाएगा। रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान द्वारा भारत के डिफेंस सिस्टम को भेदने की नाकाम कोशिश का जिक्र किया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय सेनाएं किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
ऑपरेशन सिंदूर: पाक का डिफेंस सिस्टम हुआ 'एक्सपोज'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कच्छ में भारतीय सैनिकों को संबोधित करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक के इस संवेदनशील इलाके तक भारत के डिफेंस सिस्टम को भेदने की नाकाम कोशिश की थी। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तानी सेना को ललकारते हुए कहा, ''हमारी सेनाओं ने अपनी जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह से एक्सपोज कर दिया और दुनिया को यह संदेश दे दिया कि भारत की सेनाएं जब चाहें, जहाँ चाहें और जैसे भी चाहें पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुँचा सकती हैं।'' यह बयान सीधे तौर पर भारतीय सेना की बढ़ी हुई क्षमताओं और पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
सर क्रीक पर पाक की नीयत में खोट, बढ़ाया इंफ्रास्ट्रक्चर
रक्षा मंत्री ने सर क्रीक इलाके में पाकिस्तान द्वारा सीमा विवाद खड़ा करने की नीयत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज़ादी के 78 साल बीत जाने के बावजूद भी इस इलाके में सीमा को लेकर विवाद खड़ा किया जाता रहा है। भारत ने कई बार बातचीत के रास्ते इसका समाधान करने का प्रयास किया है, मगर पाकिस्तान की नीयत में ही खोट है, उसकी नीयत साफ नहीं है।
उन्होंने हाल के घटनाक्रमों पर चिंता जताते हुए कहा, ''जिस तरह से हाल में पाकिस्तान की फौज ने सर क्रीक से सटे इलाकों में अपना मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया है, वह उसकी नीयत को स्पष्ट बताता है।'' पाकिस्तान का यह कदम भारत के लिए चिंता का विषय है, लेकिन रक्षा मंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि भारत किसी भी दुस्साहस का सामना करने के लिए तैयार है।
कराची का रास्ता जाता है सर क्रीक से: राजनाथ की सीधी धमकी
राजनाथ सिंह ने अपनी चेतावनी को और भी सख्त बनाते हुए एक बड़ा कूटनीतिक और सामरिक संदेश दिया। उन्होंने पाकिस्तान को सीधे-सीधे उसकी आर्थिक राजधानी की याद दिलाई। उन्होंने कहा, ''भारत की सीमाओं की रक्षा भारतीय सेनाएं और BSF मिलकर मुस्तैदी से कर रही हैं। अगर सर क्रीक इलाके में पाकिस्तान की ओर से कोई भी हिमाकत की गई तो उसे ऐसा करारा जबाव मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएगा। पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि कराची का एक रास्ता क्रीक से होकर गुजरता है।''
कराची का जिक्र करके रक्षा मंत्री ने साफ संकेत दिया है कि अगर पाकिस्तान कोई सैन्य कार्रवाई करता है, तो भारत के पास समुद्री मार्ग से भी महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की क्षमता है। यह बयान न केवल सीमा सुरक्षा पर भारत के दृढ़ संकल्प को दिखाता है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि भारत अब किसी भी उकसावे को बर्दाश्त नहीं करेगा।


