×

Pakistan Sikh Murder: भारत ने पाकिस्तान हाई कमीशन के राजनयिक को किया तलब, सिख समुदाय हमलों पर नजर टेढ़ी

Pakistan Sikh Murder News: पाकिस्तान के पेशावर में 24 जून को कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने एक सिख शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसी पर भारत ने प्रतिक्रिया दी।

Aman Kumar Singh
Published on: 26 Jun 2023 4:07 PM GMT (Updated on: 26 Jun 2023 5:24 PM GMT)
Pakistan Sikh Murder: भारत ने पाकिस्तान हाई कमीशन के राजनयिक को किया तलब, सिख समुदाय हमलों पर नजर टेढ़ी
X
भारत ने पाकिस्तान हाई कमीशन के राजनयिक को किया तलब (Social Media)

Pakistan Sikh Murder News: पाकिस्तान में सिख समुदाय के लोगों पर हालिया हमलों के बाद भारत ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग (Pakistan High Commission) के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया है। भारत ने पड़ोसी मुल्क में ऐसी घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के पेशावर में शनिवार (24 जून) को बंदूकधारियों ने मनमोहन सिंह (35 वर्ष) नामक एक सिख शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद भारत ने आज कड़ी प्रतिक्रिया दी।

मनमोहन हत्याकांड से गरमाई सियासत

सिख युवक मनमोहन सिंह की हत्या के बाद पाकिस्तान में सिख समुदाय में उबाल है। मनमोहन पेशावर के उपनगरीय इलाके रशीद गढ़ी से शहर क्षेत्र की तरफ जा रहा था तभी गुलदारा चौक काकशाल के नजदीक कुछ हथियारबंद लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। आपको बता दें, पाकिस्तान में सिखों के खिलाफ अप्रैल और जून 2023 के बीच 4 घटनाएं हुई हैं। भारत ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है।

जांच रिपोर्ट भी साझा करे पाकिस्तान

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारत ने मांग की है कि पाकिस्तानी अधिकारी सिख समुदाय पर हुए हिंसक हमलों की ईमानदारी से जांच कराएं। साथ ही, जांच रिपोर्ट भी साझा करें। ये भी बताया गया कि, पाकिस्तान को अपने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। वहां अल्पसंख्यक समाज लगातार धार्मिक उत्पीड़न के डर में रहता है।

क्या कहना है पेशावर पुलिस का?

सिख युवक मनमोहन सिंह हत्या मामले में पेशावर पुलिस (Peshawar Police) ने बताया कि, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया किया गया है। बता दें, मनमोहन सिंह पेशे से 'हकीम' (यूनानी दवा का कारोबारी) था। पुलिस ने बताया कि, हत्या में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। बीते 48 घंटों में पेशावर में किसी सिख व्यक्ति पर हमले की यह दूसरी घटना है। भारत लगातार हमलों से गुस्से में है।

दो दिन पहले ही सिख व्यापारी पर हुआ हमला

बीते हफ्ते भी गोली लगने से एक सिख शख्स घायल हो गया था। घायल व्यक्ति का नाम त्रिलोक सिंह है। ये भी सिख समुदाय से हैं। सिख व्यापारी त्रिलोकी सिंह पर हुए हमले के संबंध में आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) जांच कर रही है। स्थानीय पुलिस का मानना है कि पेशावर में 48 घंटों के भीतर दो सिख व्यक्तियों पर हुए हमले की गहन जांच के बाद ही इसके पीछे मौजूद वास्तविक वजहों का पता चल सकेगा।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story