TRENDING TAGS :
उड़ती फ्लाइट में जल उठा पावर बैंक... जानें क्यों करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग? VIDEO
Indigo Flight Emergency Landing: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में पावर बैंक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जसके बाद विमान का रास्ता बदलकर हैदराबाद में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
Indigo Flight Emergency Landing
Indigo Flight Emergency Landing: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो (IndiGo) की एक फ्लाइट में रविवार को उस समय आपात स्थिति पैदा हो गई, जब विमान के भीतर यात्रियों का सामान रखने वाली जगह से धुआं उठने लगा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक यात्री के पावर बैंक (Power Bank) में खराबी आने के कारण यह स्थिति बनी। विमान में धुआं दिखाई देने के बाद पायलटों ने एहतियात बरतते हुए फ्लाइट का रूट बदलने का फैसला किया। इसके बाद विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Rajiv Gandhi International Airport) पर सुरक्षित उतारा गया।
विमान के भीतर धुएं से यात्रियों में घबराहट
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे विमान में मौजूद एक यात्री ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था। वीडियो में कुछ यात्री आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। विमान के भीतर अचानक धुआं उठने से यात्रियों के बीच चिंता की स्थिति बन गई।
केबिन क्रू ने अग्निशामक यंत्र से बुझाई आग
यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6115 में हुई, जो एयरबस A321-251N विमान से संचालित की जा रही थी। विमान को दिल्ली से दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन यह 1:30 बजे रवाना हुआ। इसके चेन्नई शाम 4 बजे पहुंचने का निर्धारित समय था। हालांकि, विमान के भीतर धुआं दिखाई देने के बाद उड़ान को उसके तय गंतव्य के बजाय हैदराबाद ले जाने का फैसला किया गया।
एयरलाइन के अनुसार, केबिन क्रू (Cabin Crew) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) का इस्तेमाल किया और आग पर काबू पा लिया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को हैदराबाद में उतारा गया।
इंडिगो ने बयान जारी कर दी जानकारी
इंडिगो ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही उड़ान 6E6115 में एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (Electronic Device) से धुआं निकलने लगा था। चालक दल ने तुरंत स्थिति को संभाला। सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए पायलटों ने विमान को हैदराबाद ले जाने का निर्णय लिया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान
हैदराबाद में लैंडिंग के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उसे खेद है। यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराने और उन्हें स्थिति से जुड़ी जानकारी देने सहित जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इंडिगो ने अपने बयान में दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस घटना ने उड़ान के दौरान निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में खराबी से पैदा होने वाले जोखिमों को एक बार फिर सामने ला दिया है।


