TRENDING TAGS :
IndiGo Flight Struck By Lightning: कोलकाता में तूफान के दौरान इंडिगो विमान पर बिजली गिरी, दो घायल
IndiGo Flight Struck By Lightning: कोलकाता हवाई अड्डे पर तेज आंधी-तूफान के दौरान खड़े इंडिगो विमान पर बिजली गिरी। सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए।
IndiGo Airlines Crises (photo: social media)
IndiGo Flight Struck By Lightning: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को तेज आंधी-तूफान के दौरान कोलकाता हवाई अड्डे पर खड़े इंडिगो के एक विमान पर बिजली गिर गई। यह घटना उस समय हुई जब खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए हवाई अड्डा संचालन नियंत्रण केंद्र (एओसीसी) ने मौसम संबंधी चेतावनी जारी की हुई थी।
अधिकारी के अनुसार, घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। इंडिगो की उड़ान 6E6068 (VT-IPW) का विमान एयरोब्रिज 56L पर खड़ा था, तभी उस पर बिजली गिरी। सुरक्षा के मद्देनजर एयरलाइन ने सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया और बाद में उन्हें दूसरे विमान (VT-ICD) से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। उस समय एयरबस A320 विमान में 141 यात्री और छह चालक दल के सदस्य सवार थे।
इंडिगो ने बताया कि इस घटना में दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी मामूली रूप से प्रभावित हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, बाद में उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में लगातार आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है, जिसके कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है और यातायात भी प्रभावित हुआ है।


