'वोट चोर, गद्दी छोड़…', इटली के नेता ने दोहराया राहुल गांधी का नारा तो क्यों भड़के अमित शाह?

Italy Leader Raises Rahul's Slogan: हैदराबाद के भारत समिट 2026 में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने राहुल गांधी के समर्थन में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया। अमित शाह, किरेन रिजिजू और तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

Aditya Kumar Verma
Published on: 15 Nov 2026 7:24 PM IST
Italy Leader Raises Rahuls Slogan
X

Image Source- Social Media

Italy Leader Raises Rahul's Slogan: हैदराबाद में कांग्रेस के 'भारत समिट 2026' के दौरान एक नारे ने देश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया। उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने 'एक व्यक्ति, एक वोट' के लोकतांत्रिक सिद्धांत की रक्षा की है। साथ ही दावा किया कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है और इसकी रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़ा होना चाहिए।

इस दौरान राहुल गांधी हंसते और तालियां बजाते नजर आए। मामला सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार की हताशा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत विरोधी बयान देकर निकाल रही है। वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सवाल उठाया कि जब कोई विदेशी नागरिक भारत का अपमान करता है, तो भला कौन हंसता है?

इटली के नेता ने राहुल के समर्थन में लगाए नारे

हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के 'भारत समिट 2026' में पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया।

फिलिबेक ने कहा कि राहुल गांधी ने 'एक व्यक्ति, एक वोट' के लोकतांत्रिक सिद्धांत की रक्षा की है। उनके मुताबिक, भारत में लोकतंत्र के सामने चुनौतियां हैं और इसकी रक्षा के लिए राहुल गांधी तथा कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ा होना जरूरी है।

उन्होंने अपने नारे का अंग्रेजी अनुवाद भी किया और कहा, 'वोट थीफ, लीव योर सीट' (Vote Thief, Leave Your Seat)। इस दौरान राहुल गांधी हंसते और तालियां बजाते दिखाई दिए। राहुल गांधी केंद्र सरकार पर हमला करने के लिए पहले भी 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे का इस्तेमाल करते रहे हैं।

‘भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी’

इस पूरे मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनाव हारने की हताशा अब अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत विरोधी बयान देकर निकाली जा रही है।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यक्रम का नाम 'भारत समिट' रखा, लेकिन उसी मंच से राहुल गांधी ने भारत विरोधी विचार रखे और पूरी दुनिया के सामने देश को बदनाम करने का काम किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार तीन बार चुनाव हार चुकी है और अब अपनी हताशा निकाल रही है। शाह ने यह भी कहा कि वामपंथी विचारधारा के लोगों को भारत बुलाया गया और भारत समिट में देश की छवि खराब करने की कोशिश की गई।

गृह मंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल में हुए कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में चार आने के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा है।

अमित शाह ने कहा कि क्या कोई भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम कर सकता है? सत्ता की लालसा इस तरह पूरी नहीं हो सकती। भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलने वाली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने के प्रयास की कड़ी निंदा भी की।

रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब कोई विदेशी नागरिक भारत का अपमान करता है, तो भला कौन हंसता है?

रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस नेता का सीधे नाम लिए बिना तंज कसा। उन्होंने लिखा, "क्या आपने कभी किसी को तब हंसते हुए देखा है, जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।"

उनकी यह टिप्पणी राहुल गांधी के उस वीडियो और कार्यक्रम के संदर्भ में आई, जिसमें इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने उनके समर्थन में नारे लगाए थे और राहुल गांधी हंसते हुए तालियां बजाते दिखाई दिए थे।

‘भारत के आंतरिक मामलों में दखल कैसे?’

तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने भी इटली के नेता के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने रविवार को कहा कि एक इतालवी राजनेता हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में भारतीय लोकतंत्र पर टिप्पणी करके देश के आंतरिक मामलों में कैसे दखल दे सकता है?

राव ने राहुल गांधी पर भारत के लोकतंत्र और संप्रभुता का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू किया था। इसके अलावा कांग्रेस के शासनकाल में कई लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया गया था।

तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष ने विदेशी प्रतिनिधियों की ओर से राहुल गांधी के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' वाले नारे को दोहराए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रतिभागी जॉर्ज सोरोस द्वारा प्रायोजित थे। राव ने राहुल गांधी से भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं, देश की संप्रभुता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करने के लिए देश से माफी मांगने की मांग की।

फिलिबेक ने अपने बयान का किया बचाव

दूसरी तरफ, इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने शिखर सम्मेलन में अपनी भागीदारी और दिए गए बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सामने आने वाली चुनौतियों की ओर अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित करने के लिए इस तरह के आयोजन, सम्मेलन और शिखर बैठकें जरूरी हैं।

फिलिबेक के मुताबिक, भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और इसकी रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और भारतीय कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ा होना है।

इस तरह हैदराबाद के भारत समिट में लगे एक नारे को लेकर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने आ गई हैं। एक तरफ फिलिबेक ने इसे लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया है, तो दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं ने विदेशी नेता के बयान और राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story