TRENDING TAGS :
36 दुकानें जलकर खाक और करोड़ों का नुकसान! बस देखते रह गए उमर अब्दुल्ला... बगावत-आरोपों से टेंशन में CM
जम्मू में पिछले दो हफ्तों के दौरान आग की घटनाओं में करीब 36 दुकानें जलकर खाक होने का दावा किया गया है।
Omar Abdullah: जम्मू में पिछले दो हफ्तों के दौरान आग लगने की लगातार हुई घटनाओं ने कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन हादसों में करीब 36 दुकानें जलकर खाक हो गईं और दुकानदारों को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। अब इस मुद्दे को लेकर बीजेपी ने उमर अब्दुल्ला सरकार पर हमला बोला है।
नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ बीजेपी नेता सुनील शर्मा ने आरोप लगाया कि आग से प्रभावित किसी भी दुकानदार को अब तक सरकार की तरफ से आर्थिक मदद या मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की दुकानें और रोजी-रोटी आग में तबाह हो गई, उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया गया है।
हर प्रभावित दुकानदार को 15 लाख रुपये देने की मांग
सुनील शर्मा ने कहा कि बीजेपी ने प्रभावित दुकानदारों की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने के लिए अपने पांच विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल बनाया है। यह प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर चुका है और उनके सामने कारोबारियों की मांगें रख चुका है।
बीजेपी की सबसे बड़ी मांग है कि आग में जिन दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह जल गई हैं, उन्हें 15-15 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। पार्टी का कहना है कि जिन कारोबारियों का सब कुछ बर्बाद हो गया है, उन्हें दोबारा अपना कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
विधायकों के फंड से भी मदद देने की मांग
बीजेपी ने मुख्यमंत्री के सामने एक और मांग रखी है। पार्टी चाहती है कि कॉन्स्टिट्यूएंसी डेवलपमेंट फंड (CDF) के नियमों में ढील दी जाए, ताकि विधायक अपने-अपने क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों को इस फंड से आर्थिक मदद दे सकें।
सुनील शर्मा ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को एक स्थायी व्यवस्था बनानी चाहिए। इसके तहत आग लगने की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई, बेहतर अग्निशमन इंतजाम और बाजारों में मौजूद दुकानों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए।
सभी 29 बीजेपी विधायक दुकानदारों के साथ: सुनील शर्मा
सुनील शर्मा ने साफ कहा कि बीजेपी जम्मू के कारोबारियों की आवाज को दबने नहीं देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी के सभी 29 विधायक प्रभावित दुकानदारों के साथ खड़े रहेंगे और उनकी मांगों को हर उचित मंच पर उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रभावित कारोबारियों को उचित मुआवजा दिलाने और उनके साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए सरकार पर दबाव बनाए रखेगी। अब देखना होगा कि दुकानदारों को राहत देने के लिए उमर अब्दुल्ला सरकार की तरफ से क्या कदम उठाए जाते हैं।


