TRENDING TAGS :
कौन हैं वो दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर, जिनका जंगल में गोलियों से छलनी मिला शव? खौफ से थर्राते थे आतंकी
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर के शव गुरुवार सुबह बरामद किए गए।
Kishtwar SPO: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। गुरुवार सुबह बरामद हुए शवों की पहचान 57 साल के बाबी चंद और 45 साल के रशपाल कुमार के रूप में हुई है।
दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के साथ जुड़े थे और जिले के कियार गांव में तैनात थे। जानकारी के मुताबिक, दोनों बुधवार को अपने कैंप से धारना-मरवाह स्थित सेना की पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए थे। दोनों को मरवाह में 17 राष्ट्रीय राइफल्स के अस्थायी बेस पर ड्यूटी जॉइन करनी थी, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे। इसके अगले दिन उनके शव बरामद हुए।
कौन होते हैं SPO, पुलिस और सेना के साथ क्या करते हैं काम?
इस घटना के बाद जम्मू-कश्मीर में तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर यानी SPO की भूमिका भी चर्चा में है। SPO आमतौर पर स्थानीय निवासी होते हैं, जिन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद के लिए तैनात किया जाता है। खासकर ऐसे इलाकों में जहां पुलिस बल की संख्या कम होती है या सुरक्षा की चुनौती ज्यादा होती है, वहां इनकी मदद ली जाती है।
जम्मू-कश्मीर में SPO को आमतौर पर अस्थायी व्यवस्था के तहत मानदेय पर नियुक्त किया जाता है। इनकी जिम्मेदारी सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इन्हें आतंकवाद विरोधी अभियानों में भी लगाया जाता है। हथियार चलाने की ट्रेनिंग के साथ इन्हें सेना की ओर से भी प्रशिक्षण दिया जाता है।
गांवों की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाते हैं SPO
दूर-दराज के इलाकों में विलेज डिफेंस कमेटी (VDC) भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होती हैं। आमतौर पर इन कमेटियों में दो SPO शामिल होते हैं। किसी आतंकी हमले की स्थिति में ये स्थानीय स्तर पर आतंकियों का मुकाबला करने में मदद करते हैं।
पुलिस एक्ट 1861 के तहत, इंस्पेक्टर या उससे ऊपर के रैंक का पुलिस अधिकारी दंगा, हिंसा, अशांति या शांति भंग होने का खतरा होने पर नजदीकी मजिस्ट्रेट से स्थानीय लोगों को SPO नियुक्त करने की मांग कर सकता है। नियुक्ति के बाद SPO को नियमित पुलिस अधिकारियों जैसी शक्तियां और जिम्मेदारियां दी जाती हैं। हालांकि, उन्हें पुलिस अधिकारियों की निगरानी में काम करना होता है और उनके निर्देशों का पालन करना जरूरी होता है।
किश्तवाड़ में सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती
किश्तवाड़ जम्मू से करीब 200 किलोमीटर दूर है। यह इलाका आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिहाज से काफी अहम माना जाता है। यहां पहाड़ी और दुर्गम रास्ते होने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर जंगल भी फैले हुए हैं। ऐसे में सुरक्षा बलों के लिए अभियान चलाना आसान नहीं होता।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में अब तक आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें चार आतंकी और सेना का एक जवान शामिल है। फिलहाल दो SPO की हत्या की घटना ने एक बार फिर किश्तवाड़ जैसे दुर्गम इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय पुलिसकर्मियों की भूमिका को चर्चा में ला दिया है।


