झारखंड में छात्रों का आज विधानसभा मार्च, रांची में हाई अलर्ट; चप्पे-चप्पे पर पुलिस, शहर बना छावनी

झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आज विधानसभा मार्च। रांची में हाई अलर्ट, भारी पुलिस बल तैनात और निषेधाज्ञा लागू। छात्रों की CBI जांच की मांग पर अड़े।

Alakha Singh
Published on: 10 Aug 2026 8:36 AM IST
झारखंड में छात्रों का आज विधानसभा मार्च, रांची में हाई अलर्ट; चप्पे-चप्पे पर पुलिस, शहर बना छावनी
X

Jharkhand Students Protest: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकता है। आंदोलित छात्रों ने आज विधानसभा घेराव मार्च का ऐलान किया है। इसे देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। शहर के प्रमुख इलाकों, चौराहों और विधानसभा के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

लगातार 16 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के विधानसभा मार्च में बदलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कई इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। पुलिस ने रांची में जगह-जगह बैरिकेडिंग की है और दूसरे जिलों से आने वाले लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।

विधानसभा के आसपास निषेधाज्ञा, भारी पुलिस बल तैनात

रांची के एसएसपी राकेश रंजन के मुताबिक विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में 6 अगस्त से 12 अगस्त तक सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। राजधानी में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण चौराहों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

आंदोलन के संभावित प्रभाव को देखते हुए जमशेदपुर में भी रविवार आधी रात से निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा है।

एडीजी मुख्यालय मनोज कौशिक ने प्रदर्शनकारी छात्रों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखें और आंदोलन में किसी भी असामाजिक या उपद्रवी तत्व को शामिल न होने दें।



14वीं JPSC और JSSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप

छात्र संगठन 'JPSC/JSSC सुधार मंच' के नेतृत्व में अभ्यर्थी पिछले करीब दो सप्ताह से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की सबसे बड़ी मांग 14वीं JPSC और JSSC-CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराना है।

आंदोलन में शामिल छह छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें से कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ने की भी जानकारी सामने आई है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांग पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।



छात्रों का आरोप- रास्ते में रोके जा रहे अभ्यर्थी

आंदोलनकारी छात्रों ने आरोप लगाया है कि राज्य के अलग-अलग जिलों से रांची पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को पुलिस रास्ते में रोक रही है। छात्रों का दावा है कि कई लोगों को बसों और ट्रेनों से उतारकर रांची आने से रोका गया है।

विधानसभा मार्च से एक दिन पहले ही राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां भी तेज हो गईं। इसी बीच झारखंड लोक सेवा आयोग के तीन सदस्यों: अजिता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इन इस्तीफों को स्वीकार कर लिया है।



सरकार ने CBI के बजाय CID जांच का दिया प्रस्ताव

छात्रों के बढ़ते दबाव के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य सरकार की कैबिनेट समिति और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई। सरकार की ओर से 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने के साथ-साथ मामले की CID जांच और वित्तीय अनियमितताओं की ED जांच का प्रस्ताव दिया गया।

हालांकि, छात्र संगठन अपनी मांग पर कायम है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष और व्यापक जांच के लिए CBI जांच जरूरी है और वे इससे कम पर समझौता करने को तैयार नहीं हैं।

BJP ने लगाया प्रदेश अध्यक्ष को नजरबंद करने का आरोप

मामले को लेकर सियासी टकराव भी तेज हो गया है। भाजपा के प्रदेश महासचिव अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद कर दिया है, ताकि वह छात्र आंदोलन के समर्थन में सामने न आ सकें।

हालांकि, आंदोलन का मुख्य केंद्र छात्रों की परीक्षा संबंधी शिकायतें और जांच की मांग बनी हुई है।

पुलिस बोली- छात्रों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता

झारखंड CID के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक ने कहा कि प्रस्तावित विधानसभा मार्च को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस का प्रयास है कि प्रदर्शन के दौरान किसी छात्र को नुकसान न पहुंचे और स्थिति नियंत्रण में रहे।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीके से और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

अब तक 19 आरोपी गिरफ्तार

जांच की प्रगति के बारे में मनोज कौशिक ने बताया कि मामले में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों ने बड़ी संख्या में डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए हैं।

उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है। मामले से जुड़े लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत सामने आने वाले लोगों से पूछताछ की जाएगी।

आज क्या होगा?

छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा मार्च को लेकर रांची में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। एक तरफ छात्र CBI जांच की मांग पर अड़े हैं, वहीं सरकार ने CID जांच समेत अन्य विकल्पों का प्रस्ताव दिया है। ऐसे में आज होने वाला विधानसभा मार्च आंदोलन की दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि छात्र मार्च के दौरान क्या रुख अपनाते हैं और प्रशासन किस तरह स्थिति को संभालता है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story