पाकिस्तानी पैसों से पनपे कॉकरोच! CJP पर केंद्रीय मंत्री के आरोप से हिली सियासत, बोलें- 'डीप स्टेट' से जुड़े लोग...

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने CJP से जुड़े लोगों पर विदेशी फंडिंग लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने अभिजीत दीपके को अमेरिका के डोनर्स और आशुतोष रांका को पाकिस्तानी नेताओं से पैसा मिलने का दावा किया।

Sachin Singh
Published on: 5 Nov 2026 3:40 PM IST (Updated on: 5 Nov 2026 3:40 PM IST)
पाकिस्तानी पैसों से पनपे कॉकरोच! CJP पर केंद्रीय मंत्री के आरोप से हिली सियासत, बोलें- डीप स्टेट से जुड़े लोग...
X

CJP: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) से जुड़े कार्यकर्ताओं पर विदेशी फंडिंग लेने का आरोप लगाकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान से जुड़े कुछ लोगों को देश और विदेश में मौजूद कथित भारत विरोधी संगठनों से पैसा मिल रहा है।

बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत के दौरान जितेंद्र सिंह ने कहा कि विदेशी फंडिंग पाने वाले एनजीओ और 'डीप स्टेट' से जुड़े लोग भारत के खिलाफ एक खास नैरेटिव तैयार कर रहे हैं। हालांकि, CJP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री पर पलटवार किया है।

अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका का भी लिया नाम

जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि उनके पास इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि अभियान से जुड़े लोगों को विदेश से पैसा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर भारत विरोधी एनजीओ और संगठन इस नैरेटिव को आगे बढ़ाने के लिए फंडिंग कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका का नाम भी लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिजीत दीपके को अमेरिका में रहने वाले कुछ लोगों से पैसा मिल रहा है, जबकि आशुतोष रांका को पाकिस्तानी नेताओं की ओर से भुगतान किया जा रहा है। जितेंद्र सिंह ने विदेशी फंडिंग पाने वाले एनजीओ, डीप स्टेट ऑपरेटिव और भारत विरोधी ताकतों पर मिलकर यह नैरेटिव तैयार करने का आरोप लगाया।

CJP ने केंद्रीय मंत्री को दिया जवाब

जितेंद्र सिंह के आरोपों पर कॉकरोच जनता पार्टी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए पार्टी ने कहा कि यह शर्मनाक स्थिति है कि एक केंद्रीय मंत्री कुछ भी कह सकते हैं और उन्हें इसके लिए जवाबदेह नहीं ठहराया जाता।

CJP ने अपनी पोस्ट में कहा कि यही वजह है कि आज ऊंचे संवैधानिक और राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों की बातों की भी कोई अहमियत नहीं रह गई है। पार्टी ने इस बयान के जरिए केंद्रीय मंत्री के आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए।

प्रियंक खड़गे ने BJP से मांगे विदेशी फंडिंग के सबूत

इस पूरे विवाद के बीच कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है। बुधवार को उन्होंने कांग्रेस को विदेशी एजेंसियों से फंडिंग मिलने के आरोपों पर बीजेपी से सबूत मांगे। खड़गे ने सवाल किया कि अगर बीजेपी के पास ऐसे आरोपों के प्रमाण हैं, तो सरकार उन्हें सार्वजनिक क्यों नहीं कर रही है?

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी। खड़गे ने सुझाव दिया कि इस बहस का संचालन RSS प्रमुख मोहन भागवत करें। उन्होंने कहा कि बहस में कांग्रेस के साथ-साथ बीजेपी और RSS को मिलने वाली कथित विदेशी फंडिंग पर भी चर्चा होनी चाहिए।

अमित शाह, जयशंकर और जांच एजेंसियों पर भी उठाए सवाल

प्रियंक खड़गे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और खुफिया एजेंसियों IB तथा RAW की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी और गृह मंत्री कांग्रेस को विदेशी एजेंसियों से पैसा मिलने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन एक भी दस्तावेज या सबूत पेश नहीं कर पा रहे, तो यह संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

खड़गे ने पूछा कि IB और RAW आखिर क्या कर रही हैं और किस आधार पर इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री को दी गई बहस की चुनौती के तहत कांग्रेस, बीजेपी और RSS की कथित विदेशी फंडिंग के आरोपों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story