TRENDING TAGS :
फारूक अब्दुल्ला पर सरेआम फायरिंग करने वाला कमल सिंह कौन? किया चौंकाने वाला खुलासा; देखें LIVE वीडियो
Jammu Farooq Abdullah Attack News: जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
Jammu Farooq Abdullah Attack News: जहां शादी के संगीत और मेहमानों की चहल-पहल थी, वहीं कुछ ही पलों में अफरा-तफरी मच गई। वजह थी जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर हुआ जानलेवा हमला। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान एक व्यक्ति बेहद करीब पहुंच गया और उसने अचानक पिस्तौल तानकर गोली चला दी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। हालांकि किस्मत और सुरक्षा बलों की फुर्ती से फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
शादी समारोह में हुई सनसनीखेज घटना
यह पूरी घटना बुधवार देर रात जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित रॉयल पार्क में हुई। यहां एक शादी समारोह चल रहा था, जिसमें फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। जैसे ही समारोह खत्म होने वाला था और लोग निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक शख्स फारूक अब्दुल्ला के बेहद करीब पहुंच गया। उसने अचानक रिवॉल्वर निकालकर गोली चला दी।
हालांकि सुरक्षा में तैनात पुलिस और एनएसजी (NSG) कमांडो तुरंत हरकत में आए और हमले को नाकाम कर दिया। गोली ऊपर की तरफ चली गई और किसी को नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया और उसकी बंदूक भी जब्त कर ली गई।
हमलावर की पहचान और चौंकाने वाला दावा
पुलिस के मुताबिक हमलावर का नाम कमल सिंह जामवाल है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 60 साल बताई जा रही है और वह स्थानीय दुकानों से मिलने वाले किराए पर अपना गुजारा करता है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला दावा किया है। उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था और यह उसका निजी एजेंडा था। जिस पिस्तौल से गोली चलाई गई, वह भी उसी की बताई जा रही है।
चश्मदीदों की कहानी
शादी में मौजूद लोगों के मुताबिक घटना बेहद अचानक हुई। समारोह में मौजूद राकेश सिंह ने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के लीगल सेल अध्यक्ष की बेटी की शादी थी और सभी लोग आराम से बैठे हुए थे। इसी दौरान फारूक अब्दुल्ला ने जाने की बात कही। तभी एक व्यक्ति पीछे से आया और उसने उनके ऊपर रिवॉल्वर तान दी। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे हटाया, जिससे गोली ऊपर की तरफ चली गई।
सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि उनके पिता एक बड़े खतरे से बच गए। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी कड़ी सुरक्षा और जेड प्लस सुरक्षा के बावजूद कोई व्यक्ति पिस्तौल लेकर इतना करीब कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा में हुई संभावित चूक को भी गंभीरता से देखा जा रहा है।


