TRENDING TAGS :
JNU Election Result: जेएनयू में जश्न का माहौल, AISA के नीतीश बने JNU अध्यक्ष, ABVP ने भी मारी बाजी
JNU Election Result: JNU छात्रसंघ चुनाव के नतीजे आ गए हैं, जिसमें AISA प्रत्याशी नीतीश जेएनयू अध्यक्ष बने। उनके खाते में 1,702 वोट आए।
JNU छात्रसंघ चुनाव के नतीजे आने के बाद जश्न का माहौल
JNU Election Result: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनावों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इसमें वामपंथी उम्मीदवारों ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। उन्होंने केंद्रीय पैनल के 4 पद में से 3 पद पर जीत दर्ज की। वहीं ABVP ने संयुक्त पद जीत कर अपना खाता खोला है।
AISA- DSF ने गंठबंधन कर जीते 3 प्रमुख पद
इस बार ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फेडरेशन (DSF) ने गठबंधन किया था। उन्होंने 4 पद में से 3 पद जीते। AISA के नीतीश कुमार ने अध्यक्ष पद हासिल किया, DSF की मनीषा ने उपाध्यक्ष पद जीता और की मुंतेहा फातिमा ने महासचिव पद जीता है। वहीं संयुक्त पद पर ABVP के वैभव मीणा ने जीत हासिल किया।
वहीं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने बिरसा अंबेडकर फुले स्टूडेंट्स एसोसिएशन (BAPSA) और प्रोग्रेसिव स्टूडेंट्स एसोसिएशन (PSA) के साथ गठबंधन किया। वहीं ABVP ने अकेले चुनाव लड़ा था। संयुक्त पद पर अपनी जीत को लेकर ABVP का कहना है कि यह ऐतिहासिक बदलाव है। हमने वामपंथियों के तथाकथित लाल किले को तोड़ दिया।
पिछले साल के मुकाबले कम हुई वोटिंग
JNU छात्रसंघ चुनावों के लिए वोटिंग 25 अप्रैल को खत्म हुई, जिसके बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। और 27 अप्रैल को देर रात नतीजों की घोषणा की गई। JNU ने इस बार चुनावों में 70 प्रतिशत वोटिंग हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7,906 वोटरों में से 5,500 वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। हालांकि, यह पिछले साल के चुनावों के मुकाबले थोड़ा कम है।
काउंसलर के नतीजे
JNU में काउंसलर के लिए 44 पद हैं, जिनके नतीजे भी आ चुके हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के छात्र संगठन के प्रत्याशी की स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज के काउंसलर पद पर जीत हासिल की है, जिसके लिए RJD ने जीत का जश्न मनाते हुए एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बताया जा रहा है कि इसमें 23 पदों पर ABVP समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई है। हालांकि, JNU छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एन साई बालाजी ने दावा किया कि पार्षद पद पर जीते 4 निर्दलीयों को ABVP अपनी जीत बता रही, लेकिन इसमें पार्षद की 44 सीटों में जीत ABVP विरोधियों की हुई है।


