Women Reservation Bill: राहुल गांधी को सुनना था सिरदर्द…बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने साधा निशाना

Women Reservation Bill: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के दिए गए भाषण पर सियासी माहौल गरमा गया है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 17 April 2026 5:50 PM IST
Women Reservation Bill
X

फोटो- सोशल मीडिया

Women Reservation Bill: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के दिए गए भाषण पर सियासी माहौल गरमा गया है। उनके संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि राहुल गांधी संसद ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया में उसका मजाक बना रहे हैं।

“सदमे से बाहर नहीं निकल पा रहे राहुल”

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने बचपन के सदमे से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सुनना बेहद दुखदायी था और उनके भाषण में गंभीरता की कमी साफ नजर आई।

कंगना ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण बिल (Women Reservation Bill) पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने अपने भाषण में बचपन के अनुभवों का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने एक मैजिक शो की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने जादूगर, जंजीरों और अपने बचपन के डर जैसी बातें कही, जो संसद जैसे गंभीर मंच के लिए उचित नहीं थीं।

“राहुल गांधी को सुनना सिरदर्द जैसा”

कंगना रनौत ने आगे कहा कि राहुल गांधी को सुनना सिरदर्द जैसा था। उनके मुताबिक, वह अपने बचपन की बातों में उलझे रहे और गंभीर मुद्दे पर ठोस बात नहीं रख पाए। उन्होंने यह भी बताया कि स्पीकर ने राहुल गांधी को रोकने की कोशिश की, लेकिन राहुल ने जवाब में कहा कि आपको मजा आएगा और आप मजे लें।

कंगना रनौत ने कहा कि यह स्थिति दुखद है क्योंकि पूरा देश और दुनिया संसद की कार्यवाही देख रही है। उनके अनुसार, राहुल गांधी ने अपने भाषण से संसद भवन की गरिमा को नुकसान पहुंचाया है और उसे मजाक का विषय बना दिया है।

हेमा मालिनी ने भी जताई आपत्ति

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी की एक और सांसद हेमा मालिनी ने भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि भाषण भले ही एंटरटेनिंग था, लेकिन उसमें कोई ठोस बात नहीं थी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैजिशियन कहने पर भी आपत्ति जताई और इसे असंसदीय बताया।

पीएम मोदी पर साधा था निशाना

दरअसल, अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने बचपन में देखे गए एक मैजिक शो का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने की कोशिश की थी। इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया, जिन पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई और बाद में उन्हें सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया।

दरअसल राहुल गांधी संसद में महिला आरक्षण बिल (Women Reservation Bill) पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखने पहुंचे थे। केंद्र सरकार की ओर से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तीन बिल पेश किए गए हैं। इसी पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने विपक्ष की ओर से अपना पक्ष रखा, लेकिन उनके भाषण को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story