अंबेडकर के अपमान से महिला अधिकारों तक...कंगना ने कांग्रेस पर दागे कई सवाल, प्रियंका-सोनिया का नाम लेकर क्या बोलीं?

बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने इसके अलावा प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर भी तीखी टिप्पणी की।

Sawan Gupta
Published on: 28 Nov 2026 7:06 PM IST (Updated on: 28 Nov 2026 7:06 PM IST)
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

Kangana Ranaut News: बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जाती। पार्टी में केवल प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी के अधिकारों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि राहुल गांधी को सबसे ज्यादा महत्व मिलता है।

कंगना रनौत शनिवार को मंडी जिले के चैलचौक स्थित अभिलाषी यूनिवर्सिटी में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।

कांग्रेस पर लगाया अंबेडकर के अपमान का आरोप

कंगना रनौत ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पार्टी ने अंबेडकर का सम्मान नहीं किया, वही आज संविधान बचाने की बात कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में गांधी परिवार के अलावा दूसरे नेताओं और कार्यकर्ताओं के अधिकारों को उचित महत्व नहीं दिया जाता। कंगना ने विशेष रूप से प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी में उनके अधिकारों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि राहुल गांधी को सबसे अधिक महत्व मिलता है।

महिला आरक्षण पर क्या बोलीं कंगना?

महिला अधिकारों और आरक्षण के मुद्दे पर भी कंगना रनौत ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए। बीजेपी महिला आरक्षण विधेयक को लेकर प्रतिबद्ध है और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना पार्टी का संकल्प है। कंगना ने इस दौरान कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप भी लगाया।

युवाओं को संविधान और कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान कंगना रनौत ने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल अपने अधिकारों के बारे में ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए।

उन्होंने युवाओं में नागरिक जिम्मेदारी और सिविक सेंस विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही देश की अर्थव्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। कंगना के इस बयान के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच महिला अधिकारों, गांधी परिवार और संविधान को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story