केरलम कांग्रेस में बगावत की आहट? सतीशन के लिए सड़कों पर उतरे समर्थक, राहुल गांधी के 'खास' वेणुगोपाल की बढ़ी टेंशन

Kerala CM Race: केरल में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस जारी है। वीडी सतीशन और केसी वेणुगोपाल के बीच कड़ी टक्कर के बीच अब अंतिम फैसला दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान करेगा।

Shivam
Published on: 8 May 2026 9:29 AM IST (Updated on: 8 May 2026 9:30 AM IST)
केरलम कांग्रेस में बगावत की आहट? सतीशन के लिए सड़कों पर उतरे समर्थक, राहुल गांधी के खास वेणुगोपाल की बढ़ी टेंशन
X

Kerala CM Race: केरल विधानसभा चुनाव में 63 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान तेज हो गई है। तिरुअनंतपुरम में हुई विधायक दल की बैठक के बाद अब गेंद कांग्रेस आलाकमान के पाले में चली गई है। गुरुवार को दिल्ली से आए पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक और अजय माकन ने विधायकों के साथ लंबी मंत्रणा की, लेकिन एक नाम पर आम सहमति बनने की बजाय मामला अब मल्लिकार्जुन खरगे और गांधी परिवार के पास पहुंच गया है। केरल कांग्रेस के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने प्रस्ताव रखा कि मुख्यमंत्री का फैसला हाईकमान करेगा, जिसका समर्थन वीडी सतीशन ने किया।

बंद कमरे में विधायकों की राय और दिल्ली को रिपोर्ट

पर्यवेक्षकों ने न केवल सामूहिक बैठक की, बल्कि प्रत्येक विधायक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी पसंद जानी। इस गुप्त मतदान और फीडबैक के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है जिसे शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व को सौंपा जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि शनिवार या रविवार तक केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा हो सकती है। पार्टी के भीतर एकजुटता दिखाने की कोशिशों के बावजूद शनिवार को राज्य के दिग्गज नेताओं का दिल्ली कूच करना इस बात का संकेत है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए लॉबिंग और दबाव की राजनीति अभी भी जारी है।

वीडी सतीशन बनाम केसी वेणुगोपाल की कांटे की टक्कर

मुख्यमंत्री की रेस में इस वक्त सबसे प्रमुख नाम वीडी सतीशन का उभरकर सामने आया है। सतीशन को विधायकों के एक बड़े वर्ग का समर्थन प्राप्त है और उनके पक्ष में केरल के कुछ हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपनी भावनाएं भी व्यक्त की हैं। हालांकि, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की दावेदारी को नजरअंदाज करना मुश्किल है। राहुल गांधी की कोर टीम के सबसे भरोसेमंद सदस्य होने के कारण वेणुगोपाल का पलड़ा दिल्ली दरबार में भारी माना जा रहा है। उनके अलावा पूर्व नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्निथला और प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ भी इस दौड़ में बने हुए हैं।

सहयोगियों की भूमिका और सत्ता का संतुलन

कांग्रेस नेतृत्व मुख्यमंत्री का नाम फाइनल करने से पहले अपने प्रमुख सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) से भी परामर्श कर सकता है। गठबंधन की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सहयोगियों की राय महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शनिवार को दिल्ली में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल बैठक में सनी जोसेफ, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला खुद मौजूद रह सकते हैं। केरल में मिली इस बड़ी जीत को संभालने और गुटबाजी को रोकने के लिए कांग्रेस नेतृत्व एक ऐसे चेहरे की तलाश में है जो सभी गुटों को स्वीकार्य हो और सरकार को मजबूती से आगे ले जा सके।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story