Ketan Agarwal Murder Case में चौंकाने वाला ट्विस्ट! पुलिस के सामने आई सिया की एक और खौफनाक हकीकत

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की हत्या के मामले की जांच में पुलिस को लगातार नए सुराग मिल रहे हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 27 Jun 2026 5:44 PM IST
Ketan Agarwal Murder Case
X

Ketan Agarwal Murder Case

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की हत्या के मामले की जांच में पुलिस को लगातार नए सुराग मिल रहे हैं। मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके सह-आरोपी चेतन चौधरी से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांचकर्ताओं के अनुसार सिया ने पुलिस को बताया कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने यह भी कहा कि उसे शादी के लिए कम से कम तीन साल का और समय चाहिए था। बताया जा रहा है कि यह एक अरेंज मैरिज थी और सिया अपने परिवार के सामने शादी से इनकार करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। उसे डर था कि रिश्ता तोड़ने से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होगी।

शादी टालने के लिए बनाई हत्या की योजना

पुलिस जांच के मुताबिक सिया को लगा कि यदि केतन रास्ते से हट जाएगा तो उसे शादी टालने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। वहीं उसका प्रेमी चेतन चौधरी भी अगले दो से तीन साल तक शादी नहीं करना चाहता था। इसी सोच के चलते दोनों ने कथित तौर पर केतन की हत्या की योजना बनाई। जांच एजेंसियों का मानना है कि दोनों ने मिलकर काफी समय पहले से इस घटना की तैयारी शुरू कर दी थी और हत्या को अंजाम देने से पहले कई बार मुलाकात कर पूरी रणनीति तैयार की।

2,000 से ज्यादा बार हुई बातचीत

पुलिस जांच में सामने आया है कि जनवरी से घटना तक सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच 2,004 बार फोन पर बातचीत हुई। दोनों ने कुल मिलाकर करीब 238 घंटे तक एक-दूसरे से बात की। जांच अधिकारियों को संदेह है कि इन बातचीत के दौरान केतन अग्रवाल को लेकर भी चर्चा हुई होगी। अब पुलिस कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार की गई।

हत्या से पहले कैफे में हुई थी मुलाकात

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने ऐसी जगह बैठकर बातचीत की जहां आसपास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसी मुलाकात के दौरान हत्या की अंतिम योजना तैयार की गई थी।

सिया के भाई से भी हुई लंबी पूछताछ

मामले की जांच के तहत पुलिस ने शुक्रवार को सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, उससे चेतन चौधरी और सिया के संबंधों को लेकर कई सवाल पूछे गए। पूछताछ के बाद उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story