WhatsApp चैट से सामने आयी सिया चेतन की 'खौफनाक' साजिश, पुलिस की थ्योरी से पूरी तरह अलग निकली कहानी

Ketan Agarwal Murder Case: सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 18 जून को लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए जाने की इच्छा उनकी बेटी की नहीं थी।

Priya Singh Bisen
Published on: 26 Jun 2026 11:58 AM IST
Ketan Agarwal Murder Case
X

Ketan Agarwal Murder Case

Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे में इस वक्त सबसे चर्चित केस केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए दावे और खुलासे सामने आ रहे हैं। इस बीच मुख्य आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने ऐसा दावा किया है, जिसने इस मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। उनका कहना है कि जिस लोहगढ़ किले की ट्रैकिंग को लेकर पुलिस पूरी साजिश की कहानी बता रही है, वहां जाने की पहल सिया ने नहीं, बल्कि केतन अग्रवाल ने की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में हुई बातचीत के WhatsApp चैट आज भी सिया के मोबाइल फोन में मौजूद हैं।

हालांकि, दूसरी तरफ पुणे पुलिस अब भी इस घटना को एक सुनियोजित हत्या की बड़ी साजिश मानते हुए जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि डिजिटल साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर कई बड़े और अहम तथ्य सामने आए हैं। ऐसे में अब इस मामले में परिवार के दावों और पुलिस की जांच के बीच बड़ा अंतर नज़र या रहा है।

ट्रैकिंग पर जाने को लेकर मां का बड़ा दावा

सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 18 जून को लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए जाने की इच्छा उनकी बेटी की नहीं थी। उनके अनुसार, सिया ने पहले ही केतन से कहा था कि वह ट्रैकिंग पर नहीं जाना चाहती। इतना ही नहीं, उसने वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी होने वाली सास से भी अनुरोध किया था कि वह केतन को समझाएं और इस कार्यक्रम को कैन्सल दें।

पूजा गोयल का कहना है कि अगले दिन महाबलेश्वर जाने का कार्यक्रम पहले से तय था और सिया को चिंता थी कि ट्रैकिंग की वजह से वह थक जाएगी। लेकिन परिवार की तरफ से उसे जवाब मिला कि अगर केतन जाने की बात कह रहे हैं तो वह भी साथ चली जाए। उन्होंने दावा किया कि इस पूरी बातचीत के WhatsApp चैट आज भी मोबाइल में सुरक्षित हैं और आवश्यकता पड़ने पर इन्हें जांच एजेंसियों के सामने पेश किया जा सकता है।

पुलिस की जांच में सामने आ रही अलग कहानी

जहां परिवार ट्रैकिंग की पहल केतन की तरफ से होने का दावा कर रहा है, वहीं पुलिस की जांच अब तक बिल्कुल अलग दिशा की तरफ इशारा कर रही है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज से यह संदेह मजबूत हुआ है कि लोहगढ़ की यात्रा पहले से बनाई गई योजना का एक अहम भाग थी।

पुलिस का दावा है कि घटना से एक दिन पहले सिया गोयल और कथित सह-आरोपी चेतन चौधरी पुणे के लुल्लानगर स्थित एक कैफे में मिले थे। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वहीं पर कथित रूप से पूरी योजना तैयार की गई थी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों ने पहले से तय साजिश के अंतर्गत वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

चेतन के साथ रिश्ते पर परिवार का दावा

पूजा गोयल ने यह स्वीकार किया कि सिया और चेतन चौधरी एक-दूसरे को जानते थे। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी और परिवार को सिर्फ इतनी जानकारी थी कि दोनों अच्छे दोस्त हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें कभी यह महसूस नहीं हुआ कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं। अगर परिवार को यह बात पहले पता होती कि मामला केवल दोस्ती तक सीमित नहीं है, तो वे कभी भी सिया और केतन की शादी की तैयारियों को आगे नहीं बढ़ाते।

'केतन हमारे बेटे जैसे थे'

सिया के पिता प्रवीण गोयल भी इस पूरे घटनाक्रम के दौरान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि केतन कई बार उनके घर आए थे, परिवार के साथ वक्त बिताया था और उन्हें "पापा जी" कहकर बुलाते थे। धीरे-धीरे वह परिवार का हिस्सा बन गए थे।

उन्होंने कहा कि अगर केतन को कभी इस बात का संदेह था कि सिया किसी और से बात करती है या उसका फोन लगातार व्यस्त रहता है, तो उन्हें इस बारे में परिवार को पहले बताना चाहिए था। उनका मानना है कि अगर वक्त रहते दोनों परिवारों के बीच खुलकर बातचीत हो जाती, तो शायद हालात इतने गंभीर नहीं बनते।

शादी को लेकर कभी नहीं जताई नाराजगी

पूजा गोयल के मुताबिक, सगाई के बाद उन्होंने कई बार अपनी बेटी से पूछा था कि क्या वह केतन से शादी करना चाहती है। हर बार सिया ने यही जवाब दिया कि उसे केतन पसंद हैं और वह उसी से शादी करना चाहती है।

परिवार का कहना है कि शादी की तैयारियां भी पूरी रफ्तार से चल रही थीं। बाली में प्री-वेडिंग ट्रिप का प्लान भी बनाया गया था, बेटी की शॉपिंग पर लगभग 50 हजार रुपये खर्च किए गए थे और जन्मदिन के लिए भी खास तैयारियां की गई थीं। परिवार का दावा है कि अगर सिया ने एक बार भी शादी से इनकार किया होता, तो ये सभी तैयारियां तुरंत रोक दी जातीं।

दोषी साबित हुई तो मिले कड़ी सजा

प्रवीण गोयल ने अपनी बेटी को लेकर भी साफ रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर अदालत और जांच एजेंसियां यह साबित कर देती हैं कि उनकी बेटी अपराध में शामिल थी, तो उसे कानून के मुताबिक सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय से बड़ा कुछ नहीं है और अपराधी कोई भी हो, उसके साथ कानून के मुताबिक ही कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं पूजा गोयल ने भी भावुक होते हुए कहा कि अगर उनकी बेटी वास्तव में दोषी साबित हुई, तो उसे भी किसी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए।

जांच जारी, आखिरी निर्णय अदालत करेगी

फिलहाल इस मामले में पुलिस अपनी जांच जारी रखे हुए है। एक तरफ परिवार WhatsApp चैट और अपने दावों के आधार पर अलग तस्वीर पेश कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर हत्या की साजिश की थ्योरी पर कायम है।

ऐसे में इस हाई-प्रोफाइल मामले का आखिरी सच जांच पूरी होने और अदालत में सभी साक्ष्यों की न्यायिक समीक्षा के बाद ही सामने आएगा। तब तक इस केस से जुड़े सभी दावे और आरोप जांच के दायरे में हैं।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story